गौडियम आईवीएफ के 165 करोड़ रुपये के आईपीओ को अंतिम दिन 7.27 गुना अभिदान मिला
गौडियम आईवीएफ के 165 करोड़ रुपये के आईपीओ को अंतिम दिन 7.27 गुना अभिदान मिला
नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) गौडियम आईवीएफ एंड वुमेन हेल्थ के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 7.27 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के 165 करोड़ रुपये के आईपीओ को 1,46,20,340 शेयरों के मुकाबले 10,63,50,489 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 14.05 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों के हिस्से को 7.60 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों के हिस्से को 1.62 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।
कंपनी का 165 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 फरवरी को बंद हो गया। इसके साथ, गौडियम आईवीएफ सार्वजनिक बाजारों का लाभ उठाने वाली प्रजनन देखभाल क्षेत्र की पहली कंपनी बन गई है।
कंपनी ने शेयर का मूल्य दायरा 75-79 रुपये प्रति शेयर तय किया है, जिससे कंपनी का मूल्यांकन 575 करोड़ रुपये बैठता है।
प्रस्तावित पेशकश में 1.14 करोड़ इक्विटी शेयरों का ताजा निर्गम और प्रवर्तक मनिका खन्ना द्वारा लगभग 95 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल है।
नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त आय को कर्ज के भुगतान और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए पूरे भारत में 19 नए आईवीएफ केंद्र स्थापित करने पर खर्च किया जाएगा।
गौडियम आईवीएफ 27 फरवरी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होगी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


