दिल्ली हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल का संचालन ठेका जीएमआर एयरपोर्ट्स को मिला
दिल्ली हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल का संचालन ठेका जीएमआर एयरपोर्ट्स को मिला
नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) जीएमआर एयरपोर्ट्स लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि उसे दिल्ली हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल-1 के प्रबंधन और संचालन का अनुबंध मिला है।
दिल्ली हवाई अड्डा का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने 10 महीने पहले तुर्किये की कंपनी ‘सेलेबी’ के साथ अपना अनुबंध समाप्त कर दिया था।
जीएमआर एयरपोर्ट्स ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसे इस कार्गो टर्मिनल की साजसंभाल का डायल से अनुबंध मिला है। इसके तहत वह हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल-1 को उन्नत करने, आधुनिक बनाने, वित्त जुटाने, संचालन करने और रखरखाव करने का काम करेगी।
कंपनी ने कहा कि यह परियोजना राजस्व साझा मॉडल पर आधारित है। इसके तहत कंपनी डायल को अपनी आय का एक हिस्सा देगी। यह व्यवस्था शुरुआती तौर पर वर्ष 2036 तक लागू रहेगी।
कंपनी ने बताया कि संचालन के पहले पूरे वर्ष में उसे लगभग 340 करोड़ रुपये का राजस्व हिस्सा मिलने का अनुमान है।
नागर विमानन मंत्रालय के निर्देश के बाद डीआईएएल ने 15 मई 2025 को सेलेबी के साथ कार्गो संचालन का अनुबंध समाप्त कर दिया था।
इसके बाद कामकाज जारी रखने के लिए यह जिम्मेदारी अस्थायी रूप से जीएमआर एयरपोर्ट्स को दे दी गई थी।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


