गोदरेज इंडस्ट्रीज की कैपिटल, रसायन कारोबार को सूचीबद्ध करने की योजनाः पिरोजशा

गोदरेज इंडस्ट्रीज की कैपिटल, रसायन कारोबार को सूचीबद्ध करने की योजनाः पिरोजशा

गोदरेज इंडस्ट्रीज की कैपिटल, रसायन कारोबार को सूचीबद्ध करने की योजनाः पिरोजशा
Modified Date: April 22, 2026 / 07:37 pm IST
Published Date: April 22, 2026 7:37 pm IST

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह की अगले पांच वर्षों में अपने दो अन्य कारोबारों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना है। समूह ने इस दौरान अपने बाजार पूंजीकरण को दोगुने से अधिक बढ़ाकर पांच लाख करोड़ रुपये से ऊपर ले जाने का लक्ष्य रखा है।

समूह के नामित चेयरमैन पिरोजशा गोदरेज ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समूह अगले पांच वर्षों में 5,000-7,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगा, लेकिन नए क्षेत्रों में प्रवेश करने के बजाय उसका ध्यान मौजूदा कारोबार को ही मजबूत करने पर रहेगा।

फिलहाल समूह की तीन सूचीबद्ध कंपनियों- गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, गोदरेज प्रॉपर्टीज और गोदरेज एग्रोवेट का संयुक्त रूप से बाजार पूंजीकरण 1.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।

इसके अलावा, समूह की दो गैर-सूचीबद्ध इकाइयों का मूल्यांकन भी करीब 25,000 करोड़ रुपये है।

पिरोजशा गोदरेज ने पीटीआई-भाषा से कहा कि समूह अपने तीन में से दो कारोबारों को ही सूचीबद्ध करेगा, जिनमें ‘कैपिटल’ और ‘केमिकल्स’ कारोबार अग्रणी दावेदार हैं।

उन्होंने कहा कि तीसरा कारोबार ‘गोदरेज वेंचर्स’ है जो नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक आधुनिक फिल्म स्टूडियो विकसित कर रहा है और कार्यालय परिसंपत्तियों का प्रबंधन करता है।

उन्होंने बताया कि समूह का वित्तीय सेवा कारोबार गोदरेज कैपिटल सबसे तेजी से बढ़ने वाला खंड होगा और इसका प्रबंधन-अधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 25,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर एक लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य है।

समूह ने कहा कि वह अधिग्रहण के बजाय अपने स्तर पर वृद्धि पर जोर देगा। हालांकि उन्होंने कुछ छोटे अधिग्रहण की संभावना से इनकार नहीं किया।

गोदरेज ने बताया कि समूह ने अगले चरण के लिए 15 प्रतिशत बिक्री वृद्धि, प्रति शेयर आय में 20 प्रतिशत वृद्धि और 18 प्रतिशत इक्विटी रिटर्न का लक्ष्य रखा है।

समूह कारोबार में विविधता पर भी जोर दे रहा है और वर्ष 2031 तक अपने कुल कर्मचारियों में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं, दिव्यांगों और एलजीबीटीक्यू समुदाय के लोगों की करने का लक्ष्य रखा है।

इसके अलावा, समूह ने अपने परमार्थ कार्यों के लिए गोदरेज फाउंडेशन में 1,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश किया है, जिससे सामाजिक कार्यों पर खर्च में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

गोदरेज इंडस्ट्रीज समूह ने बुधवार को एक नई ब्रांड पहचान की भी घोषणा की।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में