सोना 1,100 रुपये गिरकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर, चांदी भी टूटी
सोना 1,100 रुपये गिरकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर, चांदी भी टूटी
(फाइल तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) कमजोर वैश्विक रुझानों के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतें 1,100 रुपये गिरकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं।
विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव और सुरक्षित निवेश के रूप में डॉलर की बढ़ती मांग के कारण निवेशकों ने सोने को लेकर सतर्क रुख अपनाया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,100 रुपये घटकर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। मंगलवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,62,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
चांदी भी 3,300 रुपये टूटकर 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। पिछले सत्र में चांदी 2,73,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बुधवार को सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही, क्योंकि अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा।’’
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में किसी समझौते की उम्मीदें कम होने से ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी और वैश्विक व्यापार प्रवाह में संभावित रुकावटों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इससे यह डर पैदा हो गया है कि महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती है।
गांधी ने कहा, ‘‘लगातार ऊंची महंगाई रहने की आशंका से यह उम्मीद मजबूत हुई है कि फेडरल रिजर्व लंबे समय तक अपनी सख्त मौद्रिक नीति जारी रख सकता है। यह सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं के लिए एक नकारात्मक कारक है।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 1.03 प्रतिशत गिरकर 4,461.02 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी भी लगभग तीन प्रतिशत गिरकर 74.96 डॉलर प्रति औंस रह गई।
कोटक सिक्योरिटीज में सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘हाजिर सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस से नीचे कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी दो प्रतिशत से ज्यादा टूटकर 75 डॉलर से नीचे आ गई है। दक्षिणी ईरान में अमेरिका के नए हमलों के बाद सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में डॉलर की मांग बढ़ने से डॉलर मजबूत हुआ है। यही कारण है कि मंगलवार को हुई गिरावट आज भी जारी रही।’’
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि कीमती धातुओं के बाजारों में कारोबार के माहौल पर भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का असर बना हुआ है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


