भारी बिकवाली के बाद निचले स्तर पर लिवाली उभरने से सोने के वायदा भाव में सुधार
भारी बिकवाली के बाद निचले स्तर पर लिवाली उभरने से सोने के वायदा भाव में सुधार
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को सोने के भाव में मामूली सुधार हुआ और यह 405 रुपये बढ़कर 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, क्योंकि व्यापारियों ने भारी बिकवाली के बाद निचले स्तर पर खरीदारी को बढ़ाया। हालांकि, मजबूत डॉलर और अमेरिकी ब्याज दर के दृष्टिकोण पर चिंता के कारण कारोबारी धारणा सतर्क बनी रही।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अगस्त माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 405 रुपये यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,675 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 10,375 लॉट का कारोबार हुआ।
इस सुधार के बावजूद, सोने की कीमत छह महीने के निचले स्तर के करीब बनी रही। पिछले सत्र में इसमें 5,259 रुपये या 3.6 प्रतिशत की गिरावट आई थी और यह 1,41,270 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
सोना आखिरी बार 16 दिसंबर, 2025 को इन स्तर के आसपास रहा था, जब एमसीएक्स पर इसका भाव 1,41,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, अगस्त डिलिवरी वाला कॉमेक्स सोना वायदा 11.30 डॉलर या 0.28 प्रतिशत टूटकर 3,997.50 डॉलर प्रति औंस रह गया। यह आठ महीने से ज़्यादा समय में पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे गिरा है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


