सोना 2,900 रुपये मजबूत, चांदी 3,500 रुपये चढ़ी

सोना 2,900 रुपये मजबूत, चांदी 3,500 रुपये चढ़ी

सोना 2,900 रुपये मजबूत, चांदी 3,500 रुपये चढ़ी
Modified Date: May 6, 2026 / 08:23 pm IST
Published Date: May 6, 2026 8:23 pm IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमत 2,900 रुपये बढ़कर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। वहीं चांदी 3,500 रुपये चढ़कर 2.54 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के साथ तेल की कीमतों में गिरावट आने से कीमती धातुओं की मांग बढ़ी है।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,900 रुपये यानी लगभग दो प्रतिशत बढ़कर 1,55,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। यह मंगलवार को 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।

कारोबारियों के अनुसार सर्राफा कीमतों में तेजी का कारण अमेरिका और ईरान में महीनों से चले आ रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए समझौते की एक रूपरेखा को अंतिम रूप देने की खबर है। इससे होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते व्यापार के सुचारू प्रवाह की संभावनाएं बढ़ी हैं और ऊर्जा बाजारों से जुड़ी मुद्रास्फीति की चिंताएं कम हुई हैं।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बुधवार को सोने की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से उन प्रमुख वृहद आर्थिक कारकों में अचानक बदलाव आया, जिन्होंने हाल ही में कीमती धातुओं पर दबाव डाला था।’’

चांदी की कीमतों में भी लगातार तीसरे सत्र में तेजी आई। इसकी कीमत 3,500 रुपये यानी 1.4 प्रतिशत बढ़कर 2,54,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। एसोसिएशन के अनुसार, पिछले कारोबारी सत्र में इस धातु की कीमत 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी।

गांधी ने कहा, ‘‘कूटनीतिक सफलता की संभावनाओं के चलते तेल की कीमतों और डॉलर में भारी गिरावट आई। इससे मुद्रास्फीति को लेकर चिंताएं कम हुईं और साथ ही कीमती धातुओं की मांग में तेजी आई।’’

वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोने की कीमत 106.15 डॉलर यानी 2.33 प्रतिशत बढ़कर 4,663.70 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि चांदी की कीमत 3.40 डॉलर यानी 4.68 प्रतिशत बढ़कर 76.24 डॉलर प्रति औंस रही।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘सोने की कीमतों में तेज उछाल आया। इसका कारण अमेरिका और ईरान के समझौते की रूपरेखा के करीब पहुंचने की सूचना है।’’

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण


लेखक के बारे में