गूगल की क्लाउड सेवाएं देश के कई शहरों में हुईं बाधित
गूगल की क्लाउड सेवाएं देश के कई शहरों में हुईं बाधित
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के एक डेटा सेंटर में आग लगने के बाद गूगल क्लाउड की सेवाओं में दिल्ली, मुंबई और चेन्नई सहित कई प्रमुख भारतीय शहरों में नेटवर्क व्यवधान और देरी की समस्या देखी गई।
वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी ने बुधवार को कहा कि तीसरे पक्ष के इस डेटा सेंटर में आग लगने के कारण नेटवर्किंग उपकरणों की आपातकालीन रूप से बिजली बंद करनी पड़ी, जिससे दिल्ली में एक स्थानीय ‘प्वाइंट ऑफ प्रेजेंस’ (पीओपी) अलग-थलग पड़ गया और महानगर क्षेत्र में उपलब्ध नेटवर्क क्षमता घट गई।
क्लाउड सेवाएं बाधित होने की घटना मंगलवार देर रात शुरू हुई। कंपनी ने अपने सर्विस हेल्थ डैशबोर्ड पर कहा, “दिल्ली, चेन्नई, मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से गूगल क्लाउड की ओर जाने वाले नेटवर्क ट्रैफिक में रुक-रुक कर अधिक देरी और पैकेट लॉस (डेटा के रास्ते में खो जाने) की आशंका देखी जा रही है।”
कंपनी ने बताया कि प्रभावित डेटा सेंटर से ट्रैफिक को दूसरी जगहों पर स्थानांतरित कर दिया गया है, लेकिन इससे विभिन्न शहरों और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं में मांग क्षमता से अधिक होने के कारण बीच-बीच में देरी बढ़ रही है।
गूगल ने कहा, “हम ट्रैफिक प्रबंधन के अतिरिक्त उपायों और ‘इंटरनेट एज’ कनेक्टिविटी बढ़ाने के विकल्पों पर काम कर रहे हैं, ताकि ग्राहकों पर असर कम किया जा सके। जब तक प्रभावित सुविधा पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती, तब तक ग्राहकों को थोड़ी अधिक देरी और अधिक नेटवर्क रूटिंग का सामना करना पड़ सकता है।”
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


