सरकार ने बिना दावे वाली संपत्तियों के लिए साझा पोर्टल पेश किया

सरकार ने बिना दावे वाली संपत्तियों के लिए साझा पोर्टल पेश किया

सरकार ने बिना दावे वाली संपत्तियों के लिए साझा पोर्टल पेश किया
Modified Date: May 29, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: May 29, 2026 8:30 pm IST

नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को नागरिकों के लिए एक एकल एकीकृत ऑनलाइन मंच शुरू किया है, जिसके माध्यम से वे बैंक जमा, बीमा दावे, शेयर और म्यूचुअल फंड जैसे वित्तीय क्षेत्र में पड़े बिना दावे वाले धन का पता लगा सकेंगे।

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस पहल से सार्वजनिक जागरूकता बढ़ने, सूचनाओं तक पहुंच आसान होने और वित्तीय सशक्तीकरण, समावेश तथा वित्तीय प्रणाली में विश्वास बढ़ने की उम्मीद है। यह ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण में योगदान देगा।

यह पोर्टल पीएसबी अलायंस के सहयोग से विकसित किया गया है, जिससे नागरिकों को विभिन्न वित्तीय संपत्तियों से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।

बयान में कहा गया है, ‘यह पोर्टल एक एकीकृत मंच के रूप में कार्य करता है, जो संपूर्ण वित्तीय परिवेश में मौजूद लावारिस बैंक जमा, बीमा दावों, शेयरों, लाभांश और म्यूचुअल फंड से संबंधित खोज सुविधाएं प्रदान करता है।’

वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम नागराजू ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की समीक्षा बैठक के दौरान इस एकीकृत मंच की शुरुआत की।

मंत्रालय ने कहा कि यह पहल वित्तीय सेवा विभाग द्वारा वित्तीय क्षेत्र के नियामकों , बैंकों और अन्य हितधारकों के समन्वय से शुरू किए गए देशव्यापी अभियान ‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ पर आधारित है। इस अभियान का उद्देश्य बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना, उनका पता लगाना और उन्हें उनके असली मालिकों को वापस लौटाना है।

नागराजू ने कहा कि यह पोर्टल एक ही मंच पर कई तरह की खोज सुविधाएं प्रदान करके नागरिकों की सुविधा में सुधार करेगा। साथ ही, यह लोगों को उनकी वैध वित्तीय संपत्तियों से वापस जोड़ने के प्रयासों को और मजबूत करेगा।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में