नीचे दाम पर बिकवाली घटने से मूंगफली तेल-तिलहन में सुधार

नीचे दाम पर बिकवाली घटने से मूंगफली तेल-तिलहन में सुधार

नीचे दाम पर बिकवाली घटने से मूंगफली तेल-तिलहन में सुधार
Modified Date: May 20, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: May 20, 2026 7:35 pm IST

नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) सस्ता होने की वजह से बड़ी औद्योगिक इकाइयों की मांग बढ़ने और किसानों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी नीचे हाजिर दाम पर मूंगफली की बिक्री घटाने के कारण घरेलू बाजारों में बुधवार को मूंगफली तेल-तिलहन के दाम मजबूत हो गये। इसके अलावा सोयाबीन डीओसी की स्थानीय मांग बढ़ने से सोयाबीन तेल-तिलहन तथा कम उपलब्धता के कारण बिनौला तेल में भी मजबूती रही। सुस्त कामकाज के बीच बाकी तेल-तिलहनों के दाम स्थिर रहे।

मलेशिया एक्सचेंज में सुधार है जबकि शिकॉगो एक्सचेंज में घट-बढ़ जारी है। हालांकि, दोपहर साढ़े तीन बजे मलेशिया एक्सचेंज के स्थिर रुख की वजह से पाम-पामोलीन के दाम स्थिर रहे। इसी प्रकार सरसों का रिफाइंड बनाने की गतिविधियां काफी कम होने से इसकी मांग पहले के मुकाबले कम हुई है और सरसों तेल-तिलहन में भी स्थिरता दिखी।

सूत्रों ने कहा कि सूरजमुखी से सस्ता होने के कारण बड़ी कंपनियों में मूंगफली की औद्योगिक मांग बढ़ी है। इन कंपनियों ने आज मूंगफली के दाम में लगभग 100 रुपये क्विंटल की वृद्धि की है लेकिन इस वृद्धि के बावजूद एमएसपी से मूंगफली का दाम काफी नीचे बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार देश में सोयाबीन के तेल रहित खल (डी-आयल्ड केक या डीओसी) की स्थानीय मांग होने की वजह से मध्य प्रदेश के सतना के तेल संयंत्र वालों ने सोयाबीन के मिल डिलिवरी दाम में लगभग 200 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि कर इसे 7,800 रुपये प्रति क्विंटल के लगभग कर दिया। इसके अलावा कल रात शिकॉगो एक्सचेंज में सुधार तथा रुपये के ऐतिहासिक निचले स्तर के आसपास मंडराने के कारण सोयाबीन तेल-तिलहन के दाम मजबूत रहे। कम उपलब्धता की वजह से बिनौला तेल कीमत में भी सुधार आया। कई वर्षो के बाद सोयाबीन किसानों को फसल के अच्छे दाम मिले हैं जिससे इसकी बिजाई का रकबा बढ़ने की संभावना हो गयी है।

तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन – 7,375-7,400 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली – 6,725-7,200 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 16,000 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,545-2,845 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 15,300 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 2,525-2,625 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 2,525-2,670 रुपये प्रति टिन।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 16,000 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,950 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,350 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 14,000 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,850 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,950 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 14,800 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना – 7,750-7,800 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 7,400-7,475 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में