स्पाइसजेट से चार विमानों को वापस लेने के लिए पट्टादाता ने डीजीसीए ने संपर्क साधा

स्पाइसजेट से चार विमानों को वापस लेने के लिए पट्टादाता ने डीजीसीए ने संपर्क साधा

स्पाइसजेट से चार विमानों को वापस लेने के लिए पट्टादाता ने डीजीसीए ने संपर्क साधा
Modified Date: July 13, 2026 / 10:14 pm IST
Published Date: July 13, 2026 10:14 pm IST

मुंबई, 13 जुलाई (भाषा) संकट से जूझ रही एयरलाइन स्पाइसजेट के चार बोइंग 737-8 मैक्स विमानों का पंजीकरण रद्द करने के लिए विमान आपूर्तिकर्ता कंपनियों ने नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से संपर्क किया है।

इस बीच, एयरलाइन ने सोमवार को कहा कि ये विमान लंबे समय से परिचालन से बाहर हैं और इनका पंजीकरण निरस्त होने से पट्टा किराये का बोझ कम होगा।

आयरलैंड स्थित विमान आपूर्तिकर्ता स्काई हाई एलएक्सएक्सएक्स लीजिंग कंपनी लिमिटेड और स्काई हाई एलएक्सएक्सवीआईआई लीजिंग कंपनी लिमिटेड ने इन विमानों के लिए ‘अपरिवर्तनीय डीरजिस्ट्रेशन एवं निर्यात अनुरोध प्राधिकरण’ (आईडीईआरए) के तहत आवेदन दायर किया है।

आईडीईआरए व्यवस्था विमानों को पट्टे पर देने वाली कंपनी को अपने विमान वापस लेने के लिए सीधे विमानन नियामक से संपर्क करने की अनुमति देती है।

इस घटनाक्रम पर स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि ये विमान इंजन के उच्च दाब टर्बाइन (एचपीटी) से जुड़ी निर्माण संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय से खड़े हैं। उन्होंने कहा, “इन विमानों के पंजीकरण निरस्त होने से उन पर पट्टे का किराया खर्च घटेगा। इससे एयरलाइन के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”

हालांकि, प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन इन विमानों को फिर से सेवा में लाने को लेकर आपूर्तिकर्ता और मूल उपकरण निर्माता के साथ बातचीत कर रही है।

फिलहाल वित्तीय एवं कानूनी चुनौतियों का सामना कर रही स्पाइसजेट के 11 विमान ही सेवा में हैं, जबकि 42 विमान खड़े हैं।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में