हरियाणा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में 1,665.25 करोड़ रुपये भेजे

हरियाणा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में 1,665.25 करोड़ रुपये भेजे

हरियाणा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में 1,665.25 करोड़ रुपये भेजे
Modified Date: April 10, 2026 / 09:53 pm IST
Published Date: April 10, 2026 9:53 pm IST

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को 18 अलग-अलग सरकारी योजना के तहत लाभार्थियों के बैंक खाते में 1,665.25 करोड़ रुपये का भुगतान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत छठी किस्त जारी कर दी गई है, जिसमें 9.68 लाख महिला लाभार्थियों को 203.28 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। इसके साथ ही, योजना के तहत कुल छह किस्त में 1,038.05 करोड़ रुपये खाते में डाले गये हैं।

भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हुए, सैनी ने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट में, इस योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि ‘डबल-इंजन’ सरकार लगातार महिला सशक्तीकरण और उनके आर्थिक विकास के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा, 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत, 35.55 लाख लाभार्थियों को कुल 1,144.55 करोड़ रुपये सीधे भुगतान किये गए हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और दूसरी कल्याण पेंशन शामिल हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में, पेंशन के संदर्भ में महीनों तक मंजूरी नहीं मिलती थी, और जब मिलता भी था, तो उसमें भ्रष्टाचार होता था।

अनुसूचित जाति के किसानों को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, 645 लाभार्थियों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 19.35 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत, हर योग्य किसान को तीन लाख रुपये की राजसहायता दी जाती है।

सैनी ने इस साल की शुरुआत में फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएम) के तहत भर्ती हुए दो अग्निशमन कर्मियों की मौत पर दुख जताया और कहा कि सरकार ने हर मृतक के परिवारों को 30 लाख रुपये की राहत देने का फैसला किया है। इसके अलावा, हर परिवार से एक आश्रित को नौकरी दी जाएगी।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण


लेखक के बारे में