हरियाणा ने अकुशल श्रमिकों का न्यूनतम पारिश्रमिक बढ़ाकर 15,220 रुपये प्रति माह किया

Ads

हरियाणा ने अकुशल श्रमिकों का न्यूनतम पारिश्रमिक बढ़ाकर 15,220 रुपये प्रति माह किया

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 10:01 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 10:01 PM IST

चंडीगढ़, आठ अप्रैल (भाषा) हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार ने अकुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम पारिश्रमिक 11,274.60 रुपये से बढ़ाकर 15,220 रुपये प्रति माह कर दिया है।

विज ने कहा कि न्यूनतम पारिश्रमिक बढ़ाने का निर्णय यहां राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया और यह एक अप्रैल से प्रभावी होगा।

मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई, जिन्होंने बाद में संवाददाताओं से कहा कि इस निर्णय से राज्य के लाखों अकुशल श्रमिकों को सीधा लाभ होगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उन्होंने घोषणा की थी कि एक विशेषज्ञ समिति ने अकुशल श्रमिकों के न्यूनतम पारिश्रमिक में वृद्धि की सिफारिश की है।

मंत्रिमंडल के निर्णय के बारे में विस्तृत विवरण देते हुए विज ने कहा कि अकुशल श्रमिकों के पारिश्रमिक में 11,274.60 रुपये से 15,220 रुपये की वृद्धि की गई है, जो लगभग 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि इसी तरह अर्ध-कुशल श्रमिकों का पारिश्रमिक 12,430.18 रुपये से बढ़ाकर 16,780.74 रुपये प्रति माह कर दिया गया है, जिसमें लगभग 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

विज ने कहा कि कुशल श्रमिकों का पारिश्रमिक 13,704.31 रुपये से बढ़ाकर 18,500.81 रुपये कर दिया गया है, जो लगभग 35 प्रतिशत की वृद्धि है।

इसी तरह, अत्यधिक कुशल श्रमिकों का पारिश्रमिक 14,389.52 रुपये से बढ़ाकर 19,425.85 रुपये कर दिया गया है, जो 5,036.33 रुपये या लगभग 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

भाषा सुमित पाण्डेय

पाण्डेय