भारत की लॉजिस्टिक लागत घटकर इकाई अंक पर आई : गडकरी

Ads

भारत की लॉजिस्टिक लागत घटकर इकाई अंक पर आई : गडकरी

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 10:29 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि देश में एक्सप्रेसवे और आर्थिक गलियारों के तेजी से विस्तार के चलते लॉजिस्टिक लागत घटकर अब इकाई अंक में आ गई है।

गडकरी ने ‘बीएमई कॉन्क्लेव 2026’ में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) चेन्नई, आईआईटी कानपुर और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरु की एक हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि देश में एक्सप्रेसवे के निर्माण से लॉजिस्टिक लागत 16 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत पर आ गई है।

उन्होंने लागत के और भी कम होकर नौ प्रतिशत पर आ जाने का विश्वास जताते हुए कहा कि इससे वैश्विक बाजार में भारत का निर्यात और अधिक प्रतिस्पर्धी होगा।

उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप में यह लागत 12 प्रतिशत है जबकि चीन में आठ से 10 प्रतिशत के बीच है।

गडकरी ने भारतीय वाहन उद्योग के संदर्भ में कहा कि उनका लक्ष्य भारत को इस क्षेत्र में दुनिया का नंबर एक देश बनाना है।

उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में इस उद्योग का आकार 14 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर अब 22 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र चार लाख युवाओं को रोजगार देता है और केंद्र एवं राज्यों को सबसे अधिक वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रदान करता है।

भाषा सुमित प्रेम

प्रेम