एचसीएल टेक एआई आधारित डेटा सेंटर में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
एचसीएल टेक एआई आधारित डेटा सेंटर में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने सोमवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 3,500 करोड़ रुपये तक के निवेश को मंजूरी दी है।
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ने बयान में कहा कि यह निवेश इस उद्देश्य के लिए बनाई जाने वाली नई अनुषंगी इकाइयों के माध्यम से किया जाएगा।
इसके साथ ही एचसीएल टेक ने पूर्ण-स्तरीय एआई बाजार में कदम रखने की भी घोषणा की, ताकि निजी एवं सरकारी क्षेत्रों में एआई आधारित सेवाओं और समाधान की बढ़ती मांग का लाभ उठाया जा सके।
कंपनी ने कहा, “यह पहल 3,500 करोड़ रुपये तक के रणनीतिक निवेश से संचालित होगी, जिसके तहत एआई डेटा सेंटर स्थापित किए जाएंगे और इनकी क्षमता 50 मेगावाट क्षमता तक बढ़ाई जा सकेगी।”
एचसीएल टेक ने कहा कि एआई डेटा सेंटर में निवेश डेटा सेंटर डिजाइन, एआई क्लाउड संचालन और सॉफ्टवेयर पोर्टफोलियो जैसे मौजूदा कौशल के साथ मिलकर एक समग्र समाधान उपलब्ध कराएगा।
कंपनी ने कहा कि देश की डेटा सेंटर क्षमता 2030 तक मौजूदा 1.8 गीगावाट से बढ़कर पांच-सात गीगावाट तक पहुंचने का अनुमान है, जिसमें एआई डेटा सेंटर की हिस्सेदारी महत्वपूर्ण होगी।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सी. विजयकुमार ने कहा, “एआई आधारित मांग, आपूर्ति की चुनौतियों और डिजिटल संप्रभुता पर बढ़ते जोर का मेल हमारे लिए पूर्ण-स्तरीय एआई प्रौद्योगिकी समाधान प्रदाता के रूप में उभरने का अवसर प्रदान करता है।”
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


