एफएसएसएआई के नोटिस पर हेरिटेज फूड्स का जवाब, ‘फ्रेश पनीर’ केवल उत्पाद का विवरण

एफएसएसएआई के नोटिस पर हेरिटेज फूड्स का जवाब, 'फ्रेश पनीर' केवल उत्पाद का विवरण

एफएसएसएआई के नोटिस पर हेरिटेज फूड्स का जवाब, ‘फ्रेश पनीर’ केवल उत्पाद का विवरण
Modified Date: July 8, 2026 / 06:50 pm IST
Published Date: July 8, 2026 6:50 pm IST

हैदराबाद/नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) हेरिटेज फूड्स लिमिटेड ने अपने उत्पाद की पैकिंग पर फ्रेश पनीर यानी ताजा पनीर शब्द के इस्तेमाल को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का विस्तृत जवाब सौंप दिया है।

कंपनी ने कहा कि लेबल उत्पाद की वास्तविक प्रकृति को सही तरीके से दर्शाता है और इससे उपभोक्ताओं को गुमराह नहीं किया जा रहा।

हेरिटेज फूड्स लिमिटेड ने कहा कि ‘फ्रेश पनीर’ शब्द का इस्तेमाल पनीर की प्राकृतिक विशेषता को बताने के लिए किया गया है। यह ‘पाश्चराइज्ड’ दूध से तैयार किया गया ताजा डेयरी उत्पाद है, जिसे सीमित अवधि तक ‘रेफ्रिजटर’ में रखकर इस्तेमाल किया जा सकता है।

कंपनी ने कहा कि यह किसी बढ़ा-चढ़ाकर किए गए गुणवत्ता संबंधी दावे को नहीं दर्शाता है।

एफएसएसएआई की ओर से उसके ‘फ्रेश पनीर’ (ताजा पनीर) उत्पाद की पैकिंग पर इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को लेकर जारी कारण बताओ नोटिस पर कंपनी ने कहा कि उसने नियामक को विस्तृत जवाब सौंप दिया है।

कंपनी ने खाद्य सुरक्षा, नियामकीय अनुपालन और उपभोक्ता पारदर्शिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कंपनी ने कहा, ‘हेरिटेज फूड्स ने स्पष्ट किया है कि ‘फ्रेश पनीर’ शब्द का इस्तेमाल केवल उत्पाद की वास्तविक प्रकृति बताने के लिए किया गया है, न कि किसी बढ़ा-चढ़ाकर या भ्रामक गुणवत्ता दावे के रूप में। पनीर मूल रूप से एक ताजा डेयरी उत्पाद है।’’

कंपनी ने कहा कि ‘फ्रेश’ शब्द का इस्तेमाल बाजार में उपलब्ध जमे हुए, संरक्षित या लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाले अन्य उत्पादों से इसे अलग पहचान देने के लिए किया गया है।

उसने कहा कि पैकिंग पर निर्माण तारीख, उपयोग की अंतिम तारीख और भंडारण संबंधी निर्देश जैसी सभी अनिवार्य जानकारियां दी गई हैं, जिससे उपभोक्ता सोच-समझकर खरीदारी का निर्णय ले सकें।

हेरिटेज फूड्स ने कहा कि ‘फ्रेश पनीर’ शब्द केवल उत्पाद का विवरण है और डेयरी उद्योग में इस तरह के उत्पादों के लिए इसका व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता है।

कंपनी ने पैकिंग पर लिखे ‘हेल्थ एंड हैप्पीनेस’ वाक्यांश को लेकर एफएसएसएआई की टिप्पणियों पर कहा कि यह उसका पुराना कॉरपोरेट स्लोगन है, जो सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराने की उसकी सोच को दर्शाता है।

कंपनी ने कहा कि इसका इस्तेमाल पनीर के लिए किसी स्वास्थ्य या पोषण संबंधी दावे के रूप में नहीं किया गया है।

भाषा

योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में