एफएसएसएआई की जांच के बीच हेरिटेज फूड्स ने कहा, उसका पनीर सुरक्षा मानकों पर खरा

एफएसएसएआई की जांच के बीच हेरिटेज फूड्स ने कहा, उसका पनीर सुरक्षा मानकों पर खरा

एफएसएसएआई की जांच के बीच हेरिटेज फूड्स ने कहा, उसका पनीर सुरक्षा मानकों पर खरा
Modified Date: July 8, 2026 / 06:26 pm IST
Published Date: July 8, 2026 6:26 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा कंपनी के एक उत्पाद की पैकिंग पर दिए गए विवरण (लेबलिंग) को लेकर स्पष्टीकरण मांगे जाने के बाद हेरिटेज फूड्स लिमिटेड ने बुधवार को कहा कि उसका पनीर स्वच्छ परिस्थितियों में ‘पाश्चराइज्ड’ दूध से तैयार किया जाता है।

एफएसएसएआई ने 30 जून को हेरिटेज फूड्स को पत्र लिखकर उसके ‘हेरिटेज फ्रेश पनीर’ उत्पाद के लेबल पर इस्तेमाल किए गए शब्द ‘फ्रेश’ यानी ताजा को लेकर जवाब मांगा था।

हेरिटेज फूड्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्रीदीप केशवन ने कहा कि उपभोक्ताओं का भरोसा, खाद्य सुरक्षा और नियामकीय अनुपालन कंपनी के कामकाज के प्रमुख आधार हैं।

उन्होंने बताया कि कंपनी ने एफएसएसएआई की चिंताओं का जवाब देते हुए दो जुलाई को विस्तृत स्पष्टीकरण सौंप दिया है।

कंपनी ने कहा कि वह अब प्राधिकरण की ओर से आगे की सूचना का इंतजार कर रही है।

केशवन ने बयान में कहा, ‘हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हेरिटेज पनीर उच्च गुणवत्ता वाले पाश्चुरीकृत दूध से स्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जाता है और इस दौरान उत्पाद की प्राकृतिक गुणवत्ता को बनाए रखा जाता है।’

कंपनी ने कहा कि वह अपने इस उत्पाद में किसी भी तरह के परिरक्षक (प्रिजर्वेटिव) का इस्तेमाल नहीं करती है। पनीर को ‘रेफ्रिजरेटेड’ स्थिति में रखा और पहुंचाया जाता है।

कंपनी ने यह भी कहा कि उत्पाद के लेबल पर सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी, निर्माण की तारीख और उपयोग की अंतिम तारीख जैसी अनिवार्य जानकारियां दी गई हैं।

एफएसएसएआई के समक्ष सौंपे गए अपने जवाब में हेरिटेज फूड्स ने कहा कि ‘फ्रेश पनीर’ शब्द उत्पाद की रेफ्रिजेरेटेड और ‘प्रिजर्वेटिव’-मुक्त प्रकृति को संदर्भित करता है। इसके अलावा, पैकिंग पर लिखी ‘हेल्थ एंड हैप्पीनेस’ (स्वास्थ्य और खुशी) की बात कंपनी के व्यापक ब्रांड दर्शन को दर्शाती है और यह उसके पंजीकृत ट्रेडमार्क का हिस्सा है, न कि यह किसी उत्पाद-विशेष के स्वास्थ्य से जुड़ा कोई दावा है।

केशवन ने कहा कि कंपनी ब्रांड नाम और लेबलिंग से जुड़े सवालों को लेकर नियामक के साथ सहयोग कर रही है।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में