एचएफसीएल को ऑप्टिकल फाइबर केबल की आपूर्ति के लिए विदेशी कंपनी से मिला 10,159 करोड़ रुपये का ठेका
एचएफसीएल को ऑप्टिकल फाइबर केबल की आपूर्ति के लिए विदेशी कंपनी से मिला 10,159 करोड़ रुपये का ठेका
नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) एचएफसीएल को ऑप्टिकल फाइबर केबल की आपूर्ति के लिए एक वैश्विक बहुराष्ट्रीय कंपनी से करीब 10,159 करोड़ रुपये का ठेका मिला है।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि यह ठेका 2026 से दिसंबर 2030 तक पांच वर्ष के लिए मिला है।
कंपनी सूचना के अनुसार, ‘‘ कंपनी ने अपनी विदेश स्थित पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी के माध्यम से एक ग्राहक के साथ उच्च गुणवत्ता वाले एवं अधिक फाइबर क्षमता वाले ऑप्टिकल फाइबर केबल की आपूर्ति के लिए पांच वर्षीय आपूर्ति समझौता किया है। इसकी अवधि के दौरान इसका संभावित कुल मूल्य करीब 1.10 अरब अमेरिकी डॉलर बैठता है जो प्रचलित बिक्री कीमतों के आधार पर लगभग 10,159 करोड़ रुपये के बराबर है।’’
एचएफसीएल ने सूचना में हालांकि कंपनी के नाम का खुलासा नहीं किया।
इसमें कहा गया, ‘‘ कंपनी ने पहली बार इस तरह का दीर्घकालिक एवं बहुवर्षीय ऑप्टिकल फाइबर केबल आपूर्ति समझौता किया है। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’
इसके तहत कंपनी ग्राहक की आवश्यकताओं के अनुरूप ऑप्टिकल फाइबर केबल की आपूर्ति करेगी।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


