एचटी मीडिया पहली तिमाही में मुनाफे में लौटी, शुद्ध लाभ 43.51 करोड़ रुपये
एचटी मीडिया पहली तिमाही में मुनाफे में लौटी, शुद्ध लाभ 43.51 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) एचटी मीडिया लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 43.51 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया है।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी को 11.37 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 11.05 प्रतिशत बढ़कर 437.30 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 393.76 करोड़ रुपये थी।
कंपनी की चेयरपर्सन एवं संपादकीय निदेशक शोभना भरतीया ने कहा, ‘‘हमने नए वित्त वर्ष की शुरुआत स्थिर प्रदर्शन के साथ की है। एकीकृत राजस्व में सालाना आधार पर वृद्धि हुई है और लाभप्रदता में भी समान रूप से सुधार हुआ है।’’
अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की ‘समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं के मुद्रण और प्रकाशन’ खंड से आय 16.3 प्रतिशत बढ़कर 376.11 करोड़ रुपये हो गई। इसका प्रमुख कारण विज्ञापन आय में वृद्धि रही।
भरतीया ने कहा कि प्रिंट कारोबार कंपनी का मुख्य आधार बना रहा। अखबारी कागज (न्यूजप्रिंट) की ऊंची कीमतें, रुपये की कमजोरी और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी अनिश्चितताएं आगे चिंता का विषय हैं।
रेडियो प्रसारण एवं मनोरंजन खंड से कंपनी की आय 2.7 प्रतिशत घटकर 31.84 करोड़ रुपये रह गई। डिजिटल खंड से आय 28 प्रतिशत घटकर 27.39 करोड़ रुपये रह गई।
कंपनी ने लाभप्रद वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अपने ‘ओटीटीप्ले’ कारोबार को बंद कर दिया है।
समीक्षाधीन तिमाही में एचटी मीडिया का कुल खर्च मामूली घटकर 441.54 करोड़ रुपये रहा। अन्य आय सहित कंपनी की कुल आय 14.75 प्रतिशत बढ़कर 496.96 करोड़ रुपये हो गई।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


