हुंदै इस साल पेश करेगी अपना पहला किफायती इलेक्ट्रिक वाहन
हुंदै इस साल पेश करेगी अपना पहला किफायती इलेक्ट्रिक वाहन
चेन्नई, चार जून (भाषा) वाहन विनिर्माता हुंदै मोटर इंडिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह इस साल अपने चेन्नई संयंत्र में तैयार दो नए मॉडल पेश करेगी, जिनमें उसका आम लोगों के लिए पहला किफायती इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) भी शामिल होगा।
कंपनी ने कहा कि वह तमिलनाडु को भारत का ‘अग्रणी ईवी केंद्र’ बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
हुंदै मोटर इंडिया ने एक बयान में कहा कि वह ईवी और पेट्रोल-डीजल इंजन दोनों क्षेत्रों में स्थानीयकरण को 82 प्रतिशत के मौजूदा स्तर से बढ़ाकर अगले पांच-छह वर्षों में 90 प्रतिशत तक ले जाने की योजना पर काम कर रही है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा, ‘चेन्नई संयंत्र से इस साल दो नए मॉडल पेश किए जाएंगे जिनमें आम लोगों के लिए तैयार पहला किफायती ईवी भी शामिल है।’
उन्होंने कहा कि कंपनी ईवी परिवेश को मजबूत करने के साथ भविष्य की वाहन प्रौद्योगिकी के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने पर भी ध्यान दे रही है।
कंपनी अगले दो-तीन वर्षों में प्रमुख शहरों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर ईवी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करने पर भी ध्यान दे रही है, ताकि देश में किफायती इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिल सके।
हुंदै ने कहा कि वह तमिलनाडु आधारित आपूर्तिकर्ताओं से अपनी खरीद में लगभग 4,000 करोड़ रुपये की वृद्धि करेगी, जिससे राज्य में करीब 2,000 अतिरिक्त रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
कंपनी ने 2023 से 2032 के बीच तमिलनाडु में 26,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता भी दोहराई जारी रखेगी। यह उसके कुल 45,000 करोड़ रुपये के निवेश कार्यक्रम का हिस्सा है।
हुंदै मोटर इंडिया और तमिलनाडु सरकार ने मिलकर एक कौशल विकास सहयोग की भी घोषणा की। इस कार्यक्रम की शुरुआत दिसंबर 2027 में होने की संभावना है।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


