आइकिया का 2027-28 तक मुनाफे में आने का लक्ष्य, अगले 4-5 वर्षों में 25 नए स्टोर खोलेगी

आइकिया का 2027-28 तक मुनाफे में आने का लक्ष्य, अगले 4-5 वर्षों में 25 नए स्टोर खोलेगी

आइकिया का 2027-28 तक मुनाफे में आने का लक्ष्य, अगले 4-5 वर्षों में 25 नए स्टोर खोलेगी
Modified Date: March 6, 2026 / 11:27 am IST
Published Date: March 6, 2026 11:27 am IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) स्वीडन की दिग्गज फर्नीचर खुदरा विक्रेता आइकिया भारत में अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रही है। कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027-28 के अंत तक भारत में उसका परिचालन मुनाफे में आ जाएगा। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि अगले चार-पांच वर्षों में 25 नए छोटे और मध्यम आकार के स्टोर खोलने की योजना है।

आइकिया इंडिया के सीईओ पैट्रिक एंटोनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुनाफे में आने का लक्ष्य कुल राजस्व बढ़ाकर, अधिक स्टोर खोलकर, स्थाई लागत कम करके और परिचालन दक्षता में सुधार करके हासिल किया जाएगा। कंपनी स्थानीय स्तर पर सोर्सिंग बढ़ाने पर भी जोर दे रही है।

उन्होंने कहा, ”हमारा लक्ष्य वित्त वर्ष 2027-28 के अंत तक मुनाफे में आने का है।” इसके लिए आइकिया भारत में कई मोर्चों पर काम कर रही है, जिसमें स्टोर के अनुभव को बेहतर बनाना और ग्राहकों के लिए बेहतर समाधान तैयार करना शामिल है।

एंटोनी के अनुसार कंपनी के लिए भारत ”शीर्ष तीन प्राथमिकता वाले देशों” में से एक है। आइकिया इंडिया का कुल घाटा वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1,299.4 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि परिचालन राजस्व 3.33 प्रतिशत घटकर 1,749.50 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने छोटे शहरों में विस्तार के लिए छोटे आकार के स्टोर खोलने का विकल्प चुना है। आइकिया 12 मार्च को पुणे में अपना पहला ‘सिटी स्टोर’ खोल रही है, जो 32,000 वर्ग फुट में फैला है।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में