शिकागो एक्सचेंज में गिरावट के असर से आयातित तेल की कीमतें टूटी
शिकागो एक्सचेंज में गिरावट के असर से आयातित तेल की कीमतें टूटी
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) शिकागो एक्सचेंज में शुक्रवार देर रात की गिरावट के असर से खाद्य तेल-तिलहन बाजार में शनिवार को सोयाबीन तेल, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन जैसे आयातित तेलों के दाम गिरावट के साथ बंद हुए।
देश में सोयाबीन प्लांट द्वारा सोयाबीन तिलहन का खरीद दाम बढ़ाने के असर से सोयाबीन तिलहन, कम उपलब्धता के कारण बिनौला तेल और आवक घटने के बीच मांग बढ़ने से सरसों तेल-तिलहन के दाम में सुधार आया। कमजोर कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।
बाजार सूत्रों ने कहा कि शनिवार को अधिकांश बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कारोबार बंद रखने की वजह से बाजार में कामकाज काफी कम रहता है। शुक्रवार देर रात शिकागो एक्सचेंज की गिरावट का असर शनिवार को सोयाबीन तेल, सीपीओ एवं पामोलीन जैसे आयातित खाद्यतेलों पर दिखा जिसमें पर्याप्त गिरावट आई। अब इन खाद्यतेलों की आगे की दिशा सोमवार के कामकाज से पता लगेगा।
दूसरी ओर, सोयाबीन के तेल-रहित खल की अच्छी स्थानीय मांग है। इस वजह से मध्य प्रदेश में सोयाबीन के सबसे बड़े सतना प्लांट वालों द्वारा सोयाबीन तिलहन का दाम 7,700 रुपये क्विंटल करने के साथ साथ देश में कई अन्य स्थानों पर सोयाबीन के खरीद दाम बढ़ाये जाने और महाराष्ट्र के लातूर प्लांट द्वारा यह सोयाबीन का खरीद दाम 7,890 रुपये क्विंटल करने से सोयाबीन तिलहन के दाम में सुधार आया।
मांग बढ़ने के बीच लगभग नगण्य उपलब्धता के कारण बिनौला तेल में भी सुधार रहा। 15 मई के बाद सरसों की मंडियों में आवक कम होने लगती है। आगे अचार कंपनियों की ओर से सरसों की मांग बरसात में बढ़ेगी। जिस वजह से सरसों तेल-तिलहन के दाम भी मजबूत बंद हुए।
सूत्रों ने कहा कि शनिवार के कमजोर कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।
बाजार सूत्रों ने कहा कि किसानों को तिलहनों के अच्छे दाम मिलने का सिलसिला आगे भी जारी रहा तो देश तेल-तिलहन उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भरता की तरफ कदम बढ़ा सकता है।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 7,625-7,650 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,725-7,200 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 16,000 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,545-2,845 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 15,650 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,575-2,675 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,575-2,720 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,900 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,850 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,310 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,975 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,850 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,875 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,725 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 7,625-7,675 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 7,275-7,350 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


