एसबीआई म्यूचुअल फंड संस्थागत कोष प्रबंधन कारोबार के विस्तार पर देगी ध्यान: प्रबंध निदेशक
एसबीआई म्यूचुअल फंड संस्थागत कोष प्रबंधन कारोबार के विस्तार पर देगी ध्यान: प्रबंध निदेशक
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) एसबीआई म्यूचुअल फंड अपने संस्थागत कोष प्रबंधन कारोबार के विस्तार पर ध्यान केंद्रित करेगी।
कंपनी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये करीब 10,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
एसबीआई म्यूचुअल फंड संस्थागत कोष प्रबंधन कारोबार के तहत पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवाएं (पीएमएस) और वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) उपलब्ध कराती है।
एसबीआई म्यूचुअल फंड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) देबाशीष मिश्रा ने कहा, ‘‘म्यूचुअल फंड हमारा मुख्य कारोबार है, लेकिन हम पीएमएस कारोबार को भी बड़े स्तर पर बढ़ाना चाहते हैं। साथ ही, अमुंडी के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय निवेश का विस्तार करना चाहते हैं और दुनियाभर के बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि म्यूचुअल फंड के अलावा पीएमएस, अंतरराष्ट्रीय निवेश और वैकल्पिक निवेश उत्पाद कंपनी की प्राथमिकता में रहेंगे।
एआईएफ कारोबार के बारे में मिश्रा ने कहा कि कंपनी अपनी क्षमताओं का विस्तार करेगी और विशेष परिस्थितियों पर आधारित कोष शुरू करने पर भी विचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी निजी इक्विटी क्षेत्र में भी अवसर तलाश रही है और एआईएफ श्रेणी में कई नए उत्पाद पेश किए जाएंगे।
एसबीआई म्यूचुअल फंड मंगलवार से करीब 9,800 करोड़ रुपये का आईपीओ लेकर आ रही है। कंपनी को उम्मीद है कि यह निर्गम निवेशकों की रुचि फिर से बढ़ाएगा और अन्य कंपनियों को भी प्राथमिक बाजार में आने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


