भारत, ब्रिटेन इस सप्ताह लंदन में मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने पर करेंगे चर्चा

भारत, ब्रिटेन इस सप्ताह लंदन में मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने पर करेंगे चर्चा

भारत, ब्रिटेन इस सप्ताह लंदन में मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने पर करेंगे चर्चा
Modified Date: June 24, 2026 / 07:17 pm IST
Published Date: June 24, 2026 7:17 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) भारत और ब्रिटेन के व्यापार मंत्री इस सप्ताह लंदन में ‘व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) को लागू करने से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इस समझौते को 15 जुलाई से लागू करने का प्रस्ताव है।

बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इन मुद्दों पर बातचीत के लिए लंदन जाएंगे। वह 25-27 जून तक लंदन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।

अपनी यात्रा के दौरान, गोयल ब्रिटेन के व्यापार और उद्योग मंत्री पीटर काइल के साथ उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘द्विपक्षीय चर्चाओं में नियामकीय रूपरेखा को एक-दूसरे के अनुकूल बनाने, सीमा-पार तालमेल को बेहतर बनाने और सीईटीए और डीसीसी (दोहरा अंशदान समझौता) को आसानी से लागू करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को अंतिम रूप देने पर गौर किया जाएगा।’’

मंत्रालय ने कहा कि दोनों मंत्री सीईटीए के तहत शुल्क में ढील देने की प्रतिबद्धताओं को लागू करने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे, जिससे ब्रिटेन में भारतीय निर्यात के लिए बाजार तक बेहतर पहुंच के अवसर मिलेंगे।

इसमें कहा गया है कि चर्चाओं में डीसीसी के लिए परिचालनगत रूपरेखा पर भी बात होगी। उम्मीद है कि इससे योग्य अस्थायी कर्मचारियों के लिए दोहरे सामाजिक सुरक्षा योगदान की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक सुव्यवस्थित व्यवस्था स्थापित होगी।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों पक्ष प्रमुख सेवा क्षेत्रों में आपसी बाजार पहुंच की प्रतिबद्धताओं को लागू करने को लेकर और चर्चा करेंगे तथा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के उपायों की समीक्षा करेंगे।’’

गोयल उद्योग प्रमुखों, निवेशकों और कंपनी प्रतिनिधियों के साथ सरकार और उद्योग जगत के बीच होने वाली बैठकों की एक श्रृंखला में भी भाग लेंगे।

वह एचएसबीसी और रॉल्स-रॉयस जैसी प्रमुख वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे और रणनीतिक निवेश, औद्योगिक सहयोग तथा भारत में विनिर्माण भागीदारी के विस्तार पर चर्चा करेंगे।

इसके अलावा, वह ब्रिटेन-भारत व्यापार परिषद (यूकेआईबीसी) द्वारा आयोजित एक सत्र में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में टाटा समूह, एचएसबीसी, प्रूडेंशियल, डी बीयर्स और बेकर मैकेंजी जैसी प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष अधिकारी और व्यापार प्रतिनिधि, निवेश और वाणिज्यिक सहयोग के अवसरों पर चर्चा करने के लिए एक साथ आएंगे।

मंत्रालय ने कहा कि गोयल ‘एशिया हाउस’ द्वारा आयोजित एक गोलमेज बैठक की भी अगुवाई करेंगे।

भारत और ब्रिटेन ने 2030 तक 120 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य तय किया है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में