जून में भारत का वनस्पति तेल आयात 29 प्रतिशत घटकर 11.46 लाख टन पर

जून में भारत का वनस्पति तेल आयात 29 प्रतिशत घटकर 11.46 लाख टन पर

जून में भारत का वनस्पति तेल आयात 29 प्रतिशत घटकर 11.46 लाख टन पर
Modified Date: July 14, 2026 / 07:38 pm IST
Published Date: July 14, 2026 7:38 pm IST

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने मंगलवार को कहा कि जून में भारत का वनस्पति तेल आयात सालाना आधार पर 29 प्रतिशत घटकर 11.46 लाख टन रह गया। यह मौजूदा तेल वर्ष की शुरुआत के बाद से सबसे निचला स्तर है, क्योंकि सोयाबीन जैसे अन्य तेलों की तुलना में पाम तेल पर कम छूट मिल रही थी।

खाद्य तेलों के दुनिया के सबसे बड़ा आयातक देश, भारत ने जून, 2025 में 16.16 लाख टन तेल खरीदा था। तेल वर्ष नवंबर से अक्टूबर तक चलता है।

जून में गिरावट के बावजूद, तेल वर्ष 2025-26 (नवंबर 2025-जून 2026) के पहले आठ महीनों में कुल आयात बढ़कर 105.7 लाख टन हो गया, जो एक साल पहले 99.55 लाख टन था।

एसईए ने बयान में कहा, ‘‘ताज़ा आंकड़े बताते हैं कि हालांकि मौजूदा तेल वर्ष के दौरान कुल मिलाकर वनस्पति तेल का आयात अधिक रहा है, लेकिन जून में आई भारी गिरावट ने कुल वृद्धि की गति को धीमा कर दिया है।’’

जून में आई गिरावट मुख्य रूप से पाम तेल के आयात में माह-दर-माह 10.5 प्रतिशत की कमी के कारण हुई, जो घटकर 4,87,000 टन रह गया। क्रूड पाम तेल का आयात मई के 5,46,456 टन से घटकर 4,88,863 टन रह गया।

एसईए ने कहा कि जून में सोयाबीन तेल का आयात 23 प्रतिशत घटकर 3,81,000 टन रह गया, जो मई में 4,94,000 टन था, क्योंकि अन्य तेलों की तुलना में पाम तेल पर छूट घटकर 50 डॉलर प्रति टन से भी कम हो गई थी।

हालांकि, सूरजमुखी तेल का आयात मई के 1,95,726 टन से बढ़कर जून में 2,42,870 टन हो गया।

रिफाइंड रसोई तेल का आयात लगातार दूसरे महीने शून्य रहा। एक जुलाई तक कुल वनस्पति तेल का स्टॉक 20.09 लाख टन था, जो एक साल पहले 22.16 लाख टन था। यह जून में कम आयात को दर्शाता है।

एसईए ने कहा कि नेपाल, भारत को बड़ी मात्रा में रिफ़ाइंड तेल भेजता रहा है। दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार क्षेत्र (साफ्टा) समझौते के तहत नेपाली तेल पर कोई आयात शुल्क नहीं लगता है।

नेपाल ने नवंबर, 2025 और अप्रैल, 2026 के बीच भारत को लगभग 3,38,854 टन रिफ़ाइंड तेल निर्यात किया। इसमें अधिकतर रिफाइंड सोयाबीन तेल था, साथ ही सूरजमुखी का तेल, आरबीडी पामोलीन और रैपसीड तेल भी शामिल थे।

एसईए के अनुसार, मई में निर्यात लगभग 54,000 टन और जून में 32,000 टन होने का अनुमान है।

भारत मुख्य रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया से पाम तेल और अर्जेंटीना और ब्राजील से सोयाबीन तेल का आयात करता है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में