त्रिपुरा में उद्योग के लिए अनुकूल माहौल, उद्यमी निवेश करने को इच्छुक: मुख्यमंत्री
त्रिपुरा में उद्योग के लिए अनुकूल माहौल, उद्यमी निवेश करने को इच्छुक: मुख्यमंत्री
अगरतला, पांच जुलाई (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को कहा कि निवेशक और उद्यमी राज्य में निवेश करने के लिए उत्सुक हैं। वे यहां बेहतर कानून-व्यवस्था, कच्चे माल की उपलब्धता और सरल नीतियों जैसे उद्योग-अनुकूल माहौल का लाभ उठाना चाहते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नौ और 10 जुलाई को होने वाले दो दिवसीय व्यापार सम्मेलन में शामिल होंगे।
साहा ने यहां संवाददाताओं को बताया कि ‘डेस्टिनेशन त्रिपुरा: बिजनेस कॉन्क्लेव -2026’ में विदेशी निवेशकों सहित लगभग 500 उद्योग प्रमुखों के भाग लेने की उम्मीद है। इस सम्मेलन का मकसद पूर्वोत्तर राज्य में उद्योगों के लिए निवेश आकर्षित करना है।
यह व्यापार शिखर सम्मेलन पश्चिम त्रिपुरा के ‘बधारघाट इंटरनेशनल फेयर ग्राउंड’ में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्र सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस बड़े व्यापार सम्मेलन में शामिल होंगे।’’
राज्य ने पिछले व्यापार शिखर सम्मेलन में मिले 30,000 करोड़ रुपये के व्यापार प्रस्तावों में से 8,000 करोड़ रुपये का निवेश हासिल किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘निवेशक और उद्यमी व्यापार सम्मेलन में शामिल होने और पूर्वोत्तर राज्य में निवेश के लिए उत्सुक हैं। वे कानून-व्यवस्था, कच्चे माल की उपलब्धता और सुगम सरकारी नीतियों समेत उद्योग-अनुकूल माहौल का लाभ उठाना चाहते हैं।’’
साहा ने कहा कि अगर निवेश आता रहा, तो रोजगार के अवसर और राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) अपने आप बढ़ जाएगा, जिससे सीमावर्ती राज्य में चौतरफा विकास की प्रक्रिया का रास्ता साफ होगा।
इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री ने इस बड़े कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव जेके सिन्हा और डीजीपी अनुराग धनखड़ सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
कई विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुती दी।
भाषा रमण योगेश
योगेश

Facebook


