इन्फोसिस ने एआई समाधान के लिए एंथ्रोपिक के साथ साझेदारी की
इन्फोसिस ने एआई समाधान के लिए एंथ्रोपिक के साथ साझेदारी की
नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) इन्फोसिस ने मंगलवार को अमेरिकी कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी एंथ्रोपिक के साथ एक रणनीतिक सहयोग की घोषणा की। इस सहयोग का उद्देश्य दूरसंचार, वित्तीय सेवाओं, विनिर्माण और सॉफ्टवेयर विकास क्षेत्रों की कंपनियों के लिए अत्याधुनिक उद्यम एआई समाधान विकसित और तैनात करना है।
इन्फोसिस ने बयान में कहा कि यह साझेदारी दूरसंचार क्षेत्र में उद्योग की जरूरतों और संचालन के अनुरूप एआई एजेंट के निर्माण और तैनाती के लिए अलग से एंथ्रोपिक उत्कृष्टता केंद्र की शुरुआत करेगी। उसके बाद इसका विस्तार अन्य क्षेत्रों में किया जाएगा।
बयान के अनुसार, ‘‘यह सहयोग केवल दक्षता लाभ के लिए नहीं है बल्कि एआई द्वारा वास्तविक परिवर्तनकारी मूल्य प्रदान करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
इस सहयोग का मुख्य आधार एंथ्रोपिक के क्लाउड मॉडल का इन्फोसिस के टोपाज एआई समाधान के साथ एकीकरण है। कंपनियों का लक्ष्य उद्यमों को जटिल कार्यप्रवाहों को स्वचालित करने, सॉफ्टवेयर वितरण में तेजी लाने और विनियमित वातावरण के अनुकूल कामकाज और पारदर्शिता के साथ एआई को अपनाने में मदद करना है।
सहयोग के तहत एक प्रमुख जोर एजेंटिक एआई पर होगा यानी ऐसी प्रणाली जो दावों के प्रसंस्करण, अनुपालन समीक्षा और कोड निर्माण और परीक्षण जैसे बहु-चरणीय कार्यों को स्वतंत्र रूप से संभालने में सक्षम हैं।
एन्थ्रोपिक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और सह-संस्थापक डारियो अमोदेई ने कहा, ‘‘सिर्फ दिखाने के मकसद से काम करने वाले एआई मॉडल और एक विनियमित उद्योग में काम करने वाले एआई मॉडल के बीच एक बड़ा अंतर है। और यदि आप इस अंतर को कम करना चाहते हैं, तो आपको डोमेन विशेषज्ञता की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा कि इन्फोसिस के पास दूरसंचार, वित्तीय सेवाएं और विनिर्माण जैसे महत्वपूर्ण उद्योगों में ठीक इसी तरह की विशेषज्ञता है।
अमोदेई ने कहा, ‘‘उनके डेवलपर पहले से ही क्लाउड कोड का उपयोग अपने काम को गति देने और उन उद्योगों के लिए एआई एजेंट बनाने के लिए कर रहे हैं जिन्हें सटीकता, अनुपालन और गहन डोमेन ज्ञान की आवश्यकता होती है।’’
इन्फोसिस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सलिल पारेख ने कहा, ‘‘एआई न केवल व्यवसाय को बदल रहा है बल्कि यह उद्योगों के संचालन और नवाचार के तरीके को पुनर्परिभाषित कर रहा है। एन्थ्रोपिक के साथ हमारा सहयोग उद्यम एआई को आगे बढ़ाने की दिशा में एक रणनीतिक कदम है, जो संगठनों को मूल्य सृजित करने… में सक्षम बनाएगा।’’
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


