मारुति सुजुकी ने पेश की भारत की पहली ‘फ्लेक्स फ्यूल’ कार
मारुति सुजुकी ने पेश की भारत की पहली ‘फ्लेक्स फ्यूल’ कार
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) अग्रणी वाहन कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार ‘वैगन आर’ पेश की, जिसे विशेष रूप से एथनॉल मिश्रित ईंधन के अनुकूल बनाया गया है।
यह कार ई20 पेट्रोल से लेकर ई100 (लगभग शुद्ध एथनॉल) तक के किसी भी मिश्रण वाले ईंधन पर चल सकती है। इसमें उन्नत इंजन नियंत्रण इकाई (ईसीयू) लगी होती है, जो पेट्रोल में एथनॉल की अलग-अलग मात्रा के हिसाब से अपना अनुकूलन खुद कर सकती है।
मारुति सुजुकी ने बयान में कहा कि अपने लोकप्रिय मॉडल ‘वैगनआर’ में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक की पेशकश ऊर्जा सुरक्षा और टिकाऊ वृद्धि के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत हर साल बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का आयात करता है और एथनॉल जैसे जैव ईंधन इस निर्भरता को कम करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
गडकरी ने कहा, ‘फ्लेक्स-फ्यूल वाहन एथनॉल की मजबूत एवं स्थिर मांग पैदा कर किसानों, उद्योग और पर्यावरण तीनों को लाभ पहुंचा सकते हैं।’
कार्यक्रम में मौजूद पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत की एथनॉल यात्रा ‘थमने वाली नहीं’ है और इससे किसानों को ‘अन्नदाता’ से ‘ऊर्जादाता’ बनने में मदद मिली है।
पुरी ने कहा कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहन कच्चे तेल के आयात में कमी, विदेशी मुद्रा की बचत और उत्सर्जन घटाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेंगे।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिसाशी ताकेउची ने कहा कि कंपनी बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी), हाइब्रिड, सीएनजी/सीबीजी और फ्लेक्स-फ्यूल जैसी विभिन्न प्रौद्योगिकियों एवं ईंधनों पर आधारित मॉडल पेश करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि तेल आयात और कार्बन उत्सर्जन में कटौती के दोहरे लक्ष्य हासिल किए जा सकें।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


