मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिघी में पोत निर्माण के क्लस्टर वाली नयी इकाई स्थापित करने के लिए करीब 27,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस पहल से 90,000 नौकरियां सृजित होंगी।
सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, एमडीएल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में नेशनल शिपबिल्डिंग एंड हेवी इंडस्ट्रीज पार्क महाराष्ट्र लिमिटेड (एनएसएचआईपीएमएल) के साथ इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के तहत एमडीएल ने दिघी में सालाना कम से कम 20 लाख सकल टन पोत निर्माण क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
बयान में कहा गया कि 27,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली इस परियोजना से बड़े वाणिज्यिक जहाज का निर्माण संभव होगा और देश की समुद्री औद्योगिक क्षमता मजबूत होगी।
पोत निर्माण कलस्टर नयी इकाई को महाराष्ट्र समुद्री बोर्ड और मुंबई पोर्ट प्राधिकरण मिलकर एनएसएचआईपीएमएल के जरिये विकसित कर रहे हैं। इसके लिए एनएसएचआईपीएमएल का गठन विशेष इकाई के रूप में किया गया है।
एमडीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कैप्टन जगमोहन ने कहा कि कंपनी सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से दिघी में आधुनिक और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी पोत निर्माण सुविधा विकसित करने की दिशा में काम करेगी।
बयान के अनुसार, कैप्टन जगमोहन ने एनएसएचआईपीएमएल के प्रबंध निदेशक प्रदीप पी. के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
भाषा
यासिर अजय
अजय