सस्ता होने के कारण मांग बढ़ने से सरसों तेल-तिलहन में सुधार

सस्ता होने के कारण मांग बढ़ने से सरसों तेल-तिलहन में सुधार

सस्ता होने के कारण मांग बढ़ने से सरसों तेल-तिलहन में सुधार
Modified Date: May 2, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: May 2, 2026 8:19 pm IST

नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) सोयाबीन तेल के मुकाबले दाम सस्ता होने के कारण मांग बढ़ने से शनिवार को सरसों तेल-तिलहन के दाम में सुधार दर्ज हुआ। इसके अलावा सोयाबीन के तेल रहित खल (डीओसी) की स्थानीय मांग बढ़ने से सोयाबीन तेल-तिलहन, गर्मियों में औद्योगिक मांग बढ़ने से पाम-पामोलीन तथा उपलब्धता घटने से बिनौला तेल के दाम भी मजबूत रहे। ऊंचे दाम के कारण कमजोर कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम यथावत रहे।

बाजार सूत्रों ने कहा कि बाजार में सरसों की आवक आम वर्षो के मुकाबले काफी कम है। दूसरा, दिल्ली, हरियाणा जैसे राज्यों में सोयाबीन तेल के मुकाबले सरसों तेल 12-14 रुपये किलो सस्ता है जबकि देश के अन्य स्थानों पर यह 7-8 रुपये किलो सस्ता है। कमजोर आयवर्ग के उपभोक्ताओं में सरसों तेल की मांग बढ़ी है। इन कारणों से सरसों तेल-तिलहन के दाम में सुधार आया।

उन्होंने कहा कि सेयाबीन के तेल-रहित खल (डी-आयल्ड केक या डीओसी) की स्थानीय मांग बढ़ने तथा शुक्रवार की रात शिकागो एक्सचेंज के मजबूत रहने से सोयाबीन तेल-तिलहन के दाम में भी सुधार आया। वैसे सोयाबीन का स्टॉक या तो सरकार के पास है या फिर किसानों के पास है। सरकार को सोयाबीन के बिजाई के पूर होने तक इसका स्टॉक बचा के रखना बेहतर होगा जो जरुरत के वक्त काफी सहायक साबित हो सकता है।

सूत्रों ने कहा कि मूंगफली के दाम ऊंचे हैं इस वजह से इसका कारोबार प्रभावित है। ऊंचे दाम पर कम कारोबार के बीच अकेले मूंगफली तेल-तिलहन के दाम में स्थिरता रही। उन्होंने कहा कि कच्चा पामतेल (सीपीओ) और पामोलीन तेल लागत से नीचे दाम पर बिक रहे हैं और गर्मियों के दौरान इसकी औद्योगिक मांग भी बढ़ रही है जिससे पाम-पामोलीन तेल के दाम में भी सुधार आया।

सूत्रों ने कहा कि मंडियों में बिनौले की उपलब्धता काफी कम है और शनिवार को कपास (जिससे बिनौला निकलता है) की आवक घटकर 28 हजार गांठ की ही रह गई है।

तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन – 7,000-7,025 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली – 6,650-7,125 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,500-2,800 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 14,350 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 2,400-2,500 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 2,400-2,545 रुपये प्रति टिन।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 16,000 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,850 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,550 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 13,650 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,100 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,450 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 14,300 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना – 6,525-6,575 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 6,175-6,250 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में