फुजित्सु ‘फिजिकल एआई’ के लिए एनवीडिया की प्रौद्योगिकी का करेगी इस्तेमाल
फुजित्सु ‘फिजिकल एआई’ के लिए एनवीडिया की प्रौद्योगिकी का करेगी इस्तेमाल
तोक्यो, 16 जुलाई (एपी) जापान की दूरसंचार कंपनी फुजित्सु ने एनवीडिया की प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की घोषणा की है। इस पहल के तहत जापान की रोबोटिक्स विनिर्माण क्षमता और एआई को एक साथ लाया जाएगा।
‘फिजिकल एआई’ ऐसी उन्नत एवं बुद्धिमान रोबोट प्रौद्योगिकी को कहा जाता है, जिसमें रोबोट केवल पूर्व-निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करते बल्कि स्वयं निर्णय लेने में भी सक्षम होते हैं ताकि वे कारखानों, घरों तथा अस्पतालों में लोगों के साथ सुरक्षित रूप से काम कर सकें।
इस पहल की घोषणा बृहस्पतिवार को तोक्यो में एनवीडिया कॉर्प के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग और फुजित्सु के सीईओ ताकाहितो तोकिता ने की।
इस मौके पर जापान की प्रमुख औद्योगिक रोबोट विनिर्माता कंपनियों फैनुक कॉर्प, यास्कावा इलेक्ट्रिक कॉर्प और कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज के सीईओ भी मौजूद रहे।
यह घोषणा एनवीडिया और फुजित्सु के बीच पिछले वर्ष हुए समझौते के बाद की गई है।
कंपनियों के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ये रोबोट जापान में श्रमिकों की गंभीर कमी की समस्या से निपटने में मदद करेंगे। जापान विकसित देशों में सबसे तेजी से वृद्ध होती आबादी वाले देशों में से एक है और ये स्मार्ट रोबोट अकेले रहने वाले बुजुर्गों की देखभाल में भी सहायक हो सकते हैं।
हुआंग ने कहा कि ‘फिजिकल एआई’ जापान के लिए उपयुक्त है, क्योंकि देश उच्च गुणवत्ता वाले विनिर्माण के लिए जाना जाता है। स्वतंत्र रूप से चलने-फिरने वाले रोबोट संभावित रूप से खतरनाक हो सकते हैं, इसलिए उनके निर्माण में उच्च गुणवत्ता बेहद महत्वपूर्ण है।
कंपनी ने ऐसे रोबोट आम लोगों के लिए कब तक उपलब्ध होंगे, इसके लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई।
सिलिकॉन वैली स्थित एनवीडिया जापान में अपनी मौजूदगी तेजी से बढ़ा रही है। कंपनी ने प्रमुख बैंकों, वाहन विनिर्माता टोयोटा मोटर कॉर्प, वीडियो गेम कंपनी सेगा और राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थान रिकेन सहित कई संस्थाओं के साथ साझेदारी की है।
एपी निहारिका
निहारिका

Facebook


