नेपाल ने भारत को चाय का निर्यात फिर शुरू किया
नेपाल ने भारत को चाय का निर्यात फिर शुरू किया
काठमांडू, एक जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बुधवार को कहा कि भारत द्वारा नियमों में ढील दिए जाने के बाद, दो महीने के अंतराल के बाद नेपाल से चाय का निर्यात (भारत को) फिर शुरू हो गया है।
भारतीय चाय बोर्ड द्वारा आयात पर कड़े नियम लागू करने के बाद एक मई से भारत को नेपाली चाय का निर्यात रोक दिया गया था। यह मंगलवार को फिर से शुरू हुआ है।
विदेश मंत्री खनाल ने नेशनल असेंबली को सूचित किया कि अब भारत को नेपाली चाय का निर्यात आसान हो गया है।
उन्होंने कहा कि भारत ने नेपाल से चाय के आयात से संबंधित अपनी नीति की समीक्षा की, जिससे यह संभव हो सका। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में भारत की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने इस मामले पर उच्च अधिकारियों के साथ चर्चा की थी।
भारत, नेपाल में उत्पादित चाय का प्रमुख बाजार है।
नेपाल चाय संघ के अध्यक्ष कमल मैनाली ने कहा, ‘‘भारत द्वारा (नेपाली चाय के आयात के लिए) नियमों में ढील दिए जाने के बाद मंगलवार, 30 जून से भारत को नेपाली चाय का निर्यात फिर से शुरू हो गया।’’
मैनाली ने कहा कि नियमों में ढील के साथ ही, नेपाली चाय की खेप ले जाने वाले ट्रक भारत की ओर जाने लगे हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


