अक्टूबर तक अधिक परिव्यय के साथ नए दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास कोष की उम्मीद: मंत्री
अक्टूबर तक अधिक परिव्यय के साथ नए दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास कोष की उम्मीद: मंत्री
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दूरसंचार राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि सरकार अक्टूबर तक अधिक परिव्यय के साथ एक नया दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास कोष (टीटीडीएफ) पेश करने की योजना बना रही है।
उन्होंने ‘सीओएआई डिजीकॉम समिट 2026’ में कहा कि मंत्रालय ने अब तक टीटीडीएफ योजना के तहत 100 से अधिक कंपनियों को लगभग 540 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं और उनमें से कई 6जी क्षेत्र में हैं।
पेम्मासानी ने कहा, ‘‘ हम और भी अधिक परिव्यय एवं अधिक सह-वित्तपोषण तंत्र के साथ एक प्रौद्योगिकी विकास कोष लेकर आ रहे हैं, ताकि यह कोष वास्तव में वह काम कर सके जिसके लिए इसे बनाया गया है।”
इस कोष की पेशकश के समय के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रक्रिया शुरू हो गई है और अक्टूबर तक इसे अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
मंत्री ने उद्योग में नवाचार को बढ़ावा देने के साथ ही अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) में निवेश बढ़ाने पर जोर दिया जिसके लिए सरकार वित्तीय सहायता भी दे रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार 12,000 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ एक पीएलआई (उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन) योजना लेकर आई है जिसमें लगभग 42 कंपनियों ने भाग लिया तथा इससे करीब 62,000 करोड़ रुपये की बिक्री हुई।
मंत्री ने कहा, ‘‘ यह एक ऐसा क्षेत्र है, जहां हम और बेहतर कर सकते हैं। सरकार ने अकादमिक और स्टार्टअप दोनों में अनुसंधान और नवाचार का समर्थन करने के लिए दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास कोष पेश किया है।’’
मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में क्षेत्र का सकल राजस्व लगभग 10 प्रतिशत बढ़ा है और यह 3.7 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच रहा है।
भाषा पाण्डेय निहारिका
निहारिका

Facebook


