इस्लामाबाद, पांच मई (भाषा) पाकिस्तान का वस्तु व्यापार घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले 10 महीनों में 20 प्रतिशत बढ़कर 32 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे देश के नाजुक आर्थिक परिदृश्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। एक रिपोर्ट में यह कहा गया।
पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (पीबीएस) के आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए ‘द न्यूज’ ने बताया कि आयात का मूल्य निर्यात की तुलना में दोगुने से भी अधिक रहा।
पीबीएस के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 ( एक जुलाई से 30 जून) की जुलाई-अप्रैल अवधि के दौरान आयात लगभग सात प्रतिशत बढ़कर 57.2 अरब डॉलर हो गया, जबकि निर्यात छह प्रतिशत से अधिक घटकर 25.2 अरब डॉलर रहा। इस अंतर को अर्थशास्त्रियों ने विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव डालने और पाकिस्तानी मुद्रा पर असर डालने वाला बताया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह गिरावट अप्रैल 2026 में भी जारी रही, जब मासिक व्यापार घाटा एक साल पहले की तुलना में लगभग चार प्रतिशत बढ़कर चार अरब डॉलर से थोड़ा अधिक हो गया।
मासिक निर्यात 14 प्रतिशत बढ़कर 2.48 अरब डॉलर हो गया, लेकिन आयात की तुलना में यह कम रहा, जो 7.5 प्रतिशत बढ़कर 6.55 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
सेवा व्यापार के मोर्चे पर कुछ राहत मिली। वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-मार्च अवधि के दौरान सेवाओं का व्यापार घाटा 6.7 प्रतिशत घटकर 2.15 अरब डॉलर रहा। सेवा निर्यात 17 प्रतिशत बढ़कर 7.35 अरब डॉलर रहा। वहीं सेवाओं का आयात लगभग 11 प्रतिशत बढ़कर 9.5 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
भाषा योगेश रमण
रमण