कमजोर मानसून से जुलाई के पहले पखवाड़े में पेट्रोल-डीजल की बिक्री में उछाल
कमजोर मानसून से जुलाई के पहले पखवाड़े में पेट्रोल-डीजल की बिक्री में उछाल
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) कमजोर मानसून और बारिश में देरी के बीच किसानों एवं वाहन चालकों की तरफ से मांग बढ़ने से जुलाई के पहले पखवाड़े में देश की सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की पेट्रोल एवं डीजल बिक्री में तेज वृद्धि दर्ज की गई।
प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की पेट्रोल बिक्री एक से 15 जुलाई के दौरान 22.9 प्रतिशत बढ़कर 16.3 लाख टन हो गई, जो एक वर्ष पहले इसी अवधि में 13.3 लाख टन थी।
इस दौरान देश में आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख संकेतक माने जाने वाले डीजल की बिक्री सालाना आधार पर 20.9 प्रतिशत बढ़कर 34.6 लाख टन हो गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 28.7 लाख टन थी।
हालांकि, मासिक आधार पर तुलना करें तो पेट्रोल और डीजल दोनों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई। जून के पहले पखवाड़े की तुलना में पेट्रोल बिक्री 4.4 प्रतिशत और डीजल बिक्री 12.1 प्रतिशत कम रही।
आमतौर पर मानसून के आगमन के साथ ईंधन की मांग घट जाती है। इसकी वजह यह है कि खेतों की सिंचाई के लिए पंप का उपयोग कम हो जाता है और सड़क यातायात भी धीमा पड़ जाता है। लेकिन इस वर्ष मानसून में देरी के चलते किसानों को सिंचाई के लिए डीजल चालित पंप का अधिक उपयोग करना पड़ा, जिससे डीजल की मांग बढ़ी।
हालांकि, मासिक आधार पर जुलाई में बिक्री जून के मुकाबले कम रहती है। इसका कारण यह है कि जून में आमतौर पर स्कूल और कॉलेज की छुट्टियों के कारण यात्राएं बढ़ जाती हैं।
इस बीच, विमान ईंधन (एटीएफ) की बिक्री एक से 15 जुलाई के दौरान 0.7 प्रतिशत बढ़कर 3.15 लाख टन रही, लेकिन जून के पहले पखवाड़े की तुलना में इसमें 10.3 प्रतिशत की गिरावट आई।
जुलाई के पहले पखवाड़े में भी तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की बिक्री में गिरावट जारी रही और यह सालाना आधार पर 17.5 प्रतिशत घटकर 11.4 लाख टन रह गई।
पश्चिम एशिया संकट के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने से होटल एवं रेस्तरां में खपत पर लगी पाबंदियों के इसकी बिक्री प्रभावित हुई है। हालांकि, इस महीने प्रतिबंध हटने के बाद जून की तुलना में इसमें 1.7 प्रतिशत की हल्की वृद्धि दर्ज की गई।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


