रिलायंस कंज्यूमर की आइसक्रीम बाजार में दस्तक, बॉम्बे क्रीमरी ब्रांड पेश की
रिलायंस कंज्यूमर की आइसक्रीम बाजार में दस्तक, बॉम्बे क्रीमरी ब्रांड पेश की
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. की दैनिक उपयोग का सामान बेचने वाली इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लि. ने मंगलवार को आइसक्रीम बाजार में दस्तक देने की घोषणा की। कंपनी ने बॉम्बे क्रीमरी नाम से नया आइसक्रीम ब्रांड पेश किया है।
कंपनी के बयान के अनुसार, इसकी कीमत 10 रुपये से शुरू होगी। इस पहल को रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (आरसीपीएल) के राष्ट्रीय वितरण नेटवर्क और व्यापक खुदरा पहुंच संबंधी जानकारी का समर्थन मिलेगा।
कंपनी ने दावा किया कि बॉम्बे क्रीमरी के उत्पाद असली डेयरी क्रीम से तैयार किए गए हैं।
आरसीपीएल के निदेशक टी. कृष्णकुमार ने कहा, ‘‘ बॉम्बे क्रीमरी को इस सोच के साथ तैयार किया गया है कि आइसक्रीम में डेयरी की असली पहचान बनी रहे। कंपनी केवल आइसक्रीम श्रेणी में प्रवेश नहीं कर रही है, बल्कि इसे लेकर दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के साथ आई है।’’
बयान के अनुसार, बॉम्बे क्रीमरी की आइसक्रीम को कोन, कप, टब, बार और स्टिक समेत विभिन्न प्रारूपों में पेश किया गया है। इनकी शुरुआती कीमत 10 रुपये है।
फिलहाल इसकी बिक्री पश्चिम भारत में शुरू की जा रही है और जल्द ही इसे पूरे देश में उपलब्ध कराने की योजना है।
इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन (आईबीईएफ) की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत का आइसक्रीम बाजार 2025 में करीब 24,350 करोड़ रुपये से 31,276 करोड़ रुपये के बीच था। इसके 11 से 14 प्रतिशत की संचयी सालाना वृद्धि दर के साथ बढ़ने और 2034 तक करीब 63,941 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
भारतीय आइसक्रीम बाजार में अमूल की मजबूत मौजूदगी है। इसके बाद यूनिलीवर नियंत्रित क्वालिटी वॉल्स और वाडीलाल जैसे प्रमुख कंपनियां हैं।
इसके अलावा, हैवमोर, मदर डेयरी, क्रीमबेल, नेचुरल्स, बास्किन रॉबिन्स जैसी कंपनियां भी इस क्षेत्र में हैं।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


