प्रेस्टीज समूह ने पहली तिमाही में 12,000 करोड़ रुपये के राजस्व वाली तीन आवासीय परियोजनाएं पेश कीं
प्रेस्टीज समूह ने पहली तिमाही में 12,000 करोड़ रुपये के राजस्व वाली तीन आवासीय परियोजनाएं पेश कीं
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने घरों की मजबूत मांग के बीच अपनी विस्तार योजना के तहत अप्रैल-जून तिमाही में तीन नई आवासीय परियोजनाएं शुरू की हैं। इन परियोजनाओं से कंपनी को लगभग 12,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
बेंगलुरु की इस कंपनी ने अपनी ताजा परिचालन रिपोर्ट में बताया कि उसने कुल 2.016 करोड़ वर्ग फुट के विकास योग्य क्षेत्रफल वाली चार परियोजनाएं शुरू की हैं। इनमें हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई की तीन आवासीय परियोजनाएं तथा बेंगलुरु में 30 लाख वर्ग फुट विकास योग्य क्षेत्रफल वाली एक वाणिज्यिक परियोजना शामिल है।
कंपनी के अनुसार, तीनों आवासीय परियोजनाओं से कुल 12,000 करोड़ रुपये का संभावित राजस्व मिलने का अनुमान है।
प्रेस्टीज समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक इरफान रज्जाक ने कहा, ‘‘आने वाले समय में मुंबई, एनसीआर, बेंगलुरु और चेन्नई में कई प्रमुख परियोजनाएं त्योहारों के मौसम में शुरू की जाएंगी, जिससे हमारी वृद्धि की रफ्तार और मजबूत होगी।’’
रज्जाक ने इससे पहले कहा था कि कंपनी के पास करीब 60,000 करोड़ रुपये मूल्य की आवासीय परियोजनाओं की पेशकश करने की पाइपलाइन है। हालांकि, इनमें से कितनी परियोजनाएं बाजार में बिक्री के लिए लाई जाएंगी, यह सरकारी मंजूरियों पर निर्भर करेगा।
अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की बिक्री बुकिंग 46 प्रतिशत घटकर 6,579.3 करोड़ रुपये रह गई, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 12,126.4 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि बिक्री में यह गिरावट पिछले साल के ऊंचे आधार प्रभाव के कारण दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में एक बड़ी परियोजना शुरू की थी, जिससे उसे रिकॉर्ड बिक्री बुकिंग हासिल हुई है।
ताजा तिमाही में कुल बिक्री में हैदराबाद की हिस्सेदारी सबसे अधिक 49 प्रतिशत रही। इसके बाद बेंगलुरु (27 प्रतिशत), मुंबई (12 प्रतिशत), एनसीआर (7 प्रतिशत) और अन्य बाजारों (पांच प्रतिशत) का स्थान रहा।
कंपनी को अपार्टमेंट की बिक्री पर औसतन 11,193 रुपये प्रति वर्ग फुट और प्लॉट के विकास पर 8,043 रुपये प्रति वर्ग फुट का औसत राजस्व प्राप्त हुआ।
प्रेस्टीज एस्टेट्स ने वित्त वर्ष 2025-26 में 30,024 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री बुकिंग दर्ज की थी, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 76 प्रतिशत अधिक है।
भाषा अजय अजय योगेश
योगेश

Facebook


