प्रेस्टीज समूह का चालू वित्त वर्ष में 36,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य
प्रेस्टीज समूह का चालू वित्त वर्ष में 36,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य
(मानवेंद्र झा)
नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने पिछले वित्त वर्ष (2024-25) में रिकॉर्ड बिक्री बुकिंग के दम पर चालू वित्त वर्ष में आवासीय संपत्तियों की बिक्री बुकिंग में 15-20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा है।
कंपनी को उम्मीद है कि उसकी बिक्री बुकिंग 36,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) इरफान रजाक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद आवासीय संपत्तियों की मांग मजबूत बनी हुई है और कंपनी को मांग को लेकर कोई चिंता नहीं है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि मार्च में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद कई प्रमुख कच्चे माल की कीमतें बढ़ी हैं, जिससे विनिर्माण लागत में निश्चित रूप से वृद्धि हुई है।
रजाक ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन और वित्तीय दोनों मोर्चों पर अच्छा प्रदर्शन किया और उन्हें उम्मीद है कि 2026-27 में भी यह वृद्धि जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी की बिक्री बुकिंग वित्त वर्ष 2025-26 में 76 प्रतिशत बढ़कर 30,024 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में 17,023 करोड़ रुपये थी।
चालू वित्त वर्ष के लिए बिक्री अनुमान के बारे में पूछे जाने पर रजाक ने कहा, “हम 15-20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। मेरे हिसाब से 35,000-36,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा यथार्थवादी है।”
उन्होंने यह लक्ष्य हासिल करने का भरोसा भी जताया।
उन्होंने कहा कि इस वृद्धि को हासिल करने के लिए कंपनी के पास बेंगलुरु, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) और दिल्ली-एनसीआर सहित प्रमुख शहरों में मजबूत परियोजनाएं है।
रजाक ने कहा, “हमारे पास करीब 60,000 करोड़ रुपये की ऐसी परियोजनाएं हैं जिन्हें पेश किया जाना है। इसमें से कितनी इस वित्त वर्ष में पेश हो पाएगी, यह मंजूरियों पर निर्भर करेगा।”
आवासीय मांग के बारे में उन्होंने कहा कि ग्राहक वास्तविक संपत्ति खरीद रहे हैं और लंबी अवधि के निवेश के नजरिये से निवेश कर रहे हैं, न कि अल्पकालिक लाभ के लिए।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


