सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल लाभ तीसरी तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 52,603 करोड़ रुपये पर
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल लाभ तीसरी तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 52,603 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई में, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 52,603 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड लाभ कमाया है। यह सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि है।
सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों (पीएसबी) ने मिलकर वित्त वर्ष 2024-25 की दिसंबर तिमाही में 44,473 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था। इस तरह, पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले लाभ में कुल मिलाकर 8,130 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
एसबीआई ने अकेले 52,603 करोड़ रुपये के कुल लाभ में 40 प्रतिशत का योगदान दिया।
भारतीय स्टेट बैंक का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर 21,028 करोड़ रुपये रहा।
प्रतिशत के हिसाब से, चेन्नई के इंडियन ओवरसीज बैंक का लाभ सबसे ज्यादा 56 प्रतिशत बढ़कर 1,365 करोड़ रुपये रहा। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का शुद्ध लाभ 32 प्रतिशत बढ़कर 1,263 करोड़ रुपये हो गया।
तिमाही के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ इंडिया को छोड़कर सभी सार्वजनिक क्षेत्र के 12 बैंकों के लाभ में एकल अंक में वृद्धि हुई।
एसबीआई के अलावा जिन बैंकों ने लाभ में 20 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि की सूचना दी, उनमें बैंक ऑफ महाराष्ट्र (27 प्रतिशत) और केनरा बैंक (26 प्रतिशत) शामिल हैं। इसके अलावा दहाई अंक में लाभ में वृद्धि हासिल करने वालों में पंजाब एंड सिंध बैंक 19 प्रतिशत, यूको बैंक 16 प्रतिशत और पंजाब नेशनल बैंक 13 प्रतिशत शामिल हैं।
सालाना आधार पर, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने दूसरी तिमाही में नौ प्रतिशत से थोड़ा कम 49,456 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 की सितंबर तिमाही में यह 45,547 करोड़ रुपये था।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने पहली तिमाही में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 44,218 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया था, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 की जून तिमाही में यह 39,974 करोड़ रुपये था।
दिसंबर, 2025 को समाप्त नौ महीनों के लिए, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल लाभ पहली बार 1,45,000 करोड़ रुपये को पार कर गया। कुल मिलाकर, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर के दौरान 13 प्रतिशत बढ़कर 1,46,277 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में इसी अवधि में 1,29,994 करोड़ रुपये था।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


