वीबीएसएल के बांद्रा छोर को सावरकर सी ब्रिज से जोड़ने की 1,722 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी

वीबीएसएल के बांद्रा छोर को सावरकर सी ब्रिज से जोड़ने की 1,722 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी

वीबीएसएल के बांद्रा छोर को सावरकर सी ब्रिज से जोड़ने की 1,722 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी
Modified Date: June 26, 2026 / 10:43 am IST
Published Date: June 26, 2026 10:43 am IST

मुंबई, 26 जून (भाषा) महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की अवसंरचना संबंधी उपसमिति ने वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक (वीबीएसएल) के बांद्रा किले वाले छोर को सावरकर सी ब्रिज से जोड़ने वाली 3.55 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 1,722.40 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस परियोजना को महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) लागू करेगा।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली उपसमिति ने बृहस्पतिवार को इस परियोजना को मंजूरी दी। इससे पहले मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली सचिवों की समिति ने 17 जून को इसे मंजूरी दी थी।

परियोजना की अनुमानित लागत में निर्माण कार्य के लिए 1,183.79 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा माल एवं सेवा कर (जीएसटी), भूमि अधिग्रहण तथा अन्य खर्चों को मिलाकर कुल लागत 1,722.40 करोड़ रुपये होगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, इस परियोजना के लिए लगभग 40 झुग्गियों का पुनर्वास करना होगा, जिसके लिए 50 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा मछुआरों को मुआवजा देने के लिए 20 करोड़ रुपये और पर्यावरणीय प्रभाव कम करने के उपायों के लिए भी 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक परियोजना की संशोधित लागत 18,120.96 करोड़ रुपये है। इसे मई 2028 तक पूरी होने की उम्मीद है।

मई 2026 तक इस परियोजना का लगभग 31 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था, जबकि उस समय तक 35.84 प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य था।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में