श्रीराम के साथ भारत में सैनलैम के कारोबार को मिल रही गति: सीईओ
श्रीराम के साथ भारत में सैनलैम के कारोबार को मिल रही गति: सीईओ
जोहानिसबर्ग, 12 सितंबर (भाषा) दक्षिण अफ्रीका की वित्तीय सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी सैनलैम की भारत में श्रीराम समूह के साथ साझेदारी उसके कारोबार की वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
यह जानकारी 30 जून, 2026 को समाप्त छह महीने की अवधि के लिए कंपनी के वित्तीय परिणामों में दी गई है।
सैनलैम ने कहा कि भारत में अपने कारोबार का लगातार विस्तार उसकी मौजूदा वृद्धि के प्रमुख आधारों में से एक है।
केपटाउन स्थित वित्तीय सेवा समूह ने श्रीराम समूह के साथ अपनी मुख्य साझेदारी के जरिये भारत में अपनी मौजूदगी को लगातार मजबूत किया है।
सैनलैम ने 2026 की पहली छमाही के दौरान भारतीय बाजार में कुछ महत्वपूर्ण सौदों को अंतिम रूप दिया। इसके साथ ही क्षेत्रीय साझेदारियों में उसकी भूमिका एक महत्वपूर्ण अल्पांश निवेशक से बढ़कर नियंत्रण रखने वाले हिस्सेदार की हो गई।
आवश्यक नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद सैनलैम ने श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस और श्रीराम जनरल इंश्योरेंस, दोनों में अपनी प्रभावी आर्थिक हिस्सेदारी बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक कर ली।
सैनलैम समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पॉल हैनराटी ने कहा, ‘‘सैनलैम की मुख्य आय में वृद्धि हुई है और हमें पूरे 2026 वित्त वर्ष के परिदृश्य को लेकर भरोसा है। हम अपने घरेलू बाजार, पूरे महाद्वीप और भारत में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं, क्योंकि हमें इन सभी बाजारों में मौजूद अवसरों पर भरोसा है।’’
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


