एसबीआई ने एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट में 1.42 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,655 करोड़ रुपये में बेची
एसबीआई ने एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट में 1.42 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,655 करोड़ रुपये में बेची
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी परिसंपत्ति प्रबंधन इकाई एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एसबीआईएफएम) में 1.42 प्रतिशत हिस्सेदारी आईपीओ पूर्व नियोजन के तहत 30 निवेशकों को 1,655 करोड़ रुपये में बेची है। बैंक ने यह जानकारी दी।
शेयर बाजार को दी गई सूचना के अनुसार, बैंक ने यह हिस्सेदारी 574 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेची, जो प्रस्तावित आईपीओ के मूल्य दायरे की ऊपरी सीमा भी है।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का 11,600 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा। यह पूरा आईपीओ प्रवर्तकों एसबीआई और अमुंडी इंडिया होल्डिंग की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है।
एसबीआई ने यह हिस्सेदारी 360 वन फंड्स, टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी, गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस, बेनेट कोलमैन, आनंद राठी ग्लोबल फाइनेंस, कैप्री ग्लोबल वेंचर्स और कार्नेलियन भारत अमृतकाल फंड सहित विभिन्न निवेशकों को बेची।
बैंक ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा, ‘‘भारतीय स्टेट बैंक ने नौ जुलाई, 2026 को 30 निवेशकों के साथ अलग-अलग शेयर खरीद समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत एसबीआईएफएम के एक रुपये अंकित मूल्य वाले कुल 2,88,32,748 शेयर (जो निर्गम-पूर्व चुकता शेयर पूंजी का 1.415 प्रतिशत हैं) 574 रुपये प्रति शेयर के भाव पर कुल 1,655 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं।’’
बैंक ने कहा कि यह बिक्री एसबीआई की परिसंपत्ति प्रबंधन इकाई एसबीआईएफएम के आईपीओ-पूर्व नियोजन का हिस्सा है।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


