चार कंपनियों को आईपीओ लाने के लिए सेबी की मंजूरी
चार कंपनियों को आईपीओ लाने के लिए सेबी की मंजूरी
नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) भारत पेट लिमिटेड, सद्भाव फ्यूचरटेक लिमिटेड, पारस हेल्थकेयर लिमिटेड और एमके संस फाइन ज्वेल्स लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है।
बाजार नियामक सेबी द्वारा शुक्रवार को दी गई जानकारी के अनुसार, इन चारों कंपनियों ने मार्च से जून के बीच आईपीओ के लिए मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे और 24 से 28 अगस्त के दौरान उन्हें सेबी की अंतिम टिप्पणियां मिलीं।
सेबी की टिप्पणियां आईपीओ प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण कदम होती हैं। इसके बाद कंपनियां लागू नियामकीय आवश्यकताओं के अंतर्गत सार्वजनिक निर्गम की आगे की तैयारियां कर सकती हैं।
भारत पेट ने 25 मार्च को सेबी के पास आईपीओ के दस्तावेज दाखिल किए थे और उसे 26 अगस्त को नियामक की टिप्पणियां मिलीं।
कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ का आकार करीब 760 करोड़ रुपये है। इसमें 120 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवर्तक करीब 640 करोड़ रुपये के शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के तहत बेचेंगे।
सद्भाव फ्यूचरटेक ने सात अप्रैल को आईपीओ के दस्तावेज दाखिल किए थे और उसे 28 अगस्त को सेबी की टिप्पणियां मिलीं।
कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में 2.55 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी करने के साथ प्रवर्तकों और अन्य शेयरधारकों की ओर से कुल 235 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश शामिल है।
पारस हेल्थकेयर ने 16 जून को आईपीओ के दस्तावेज दाखिल किए थे और उसे 24 अगस्त को सेबी की टिप्पणियां मिलीं।
कंपनी आईपीओ के जरिये 1,800 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रही है। इसमें 500 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि बिक्री करने वाला शेयरधारक 1,300 करोड़ रुपये तक के शेयर बिक्री पेशकश के तहत बेचेगा।
कंपनी आईपीओ से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कुछ बकाया कर्ज के समय से पहले या निर्धारित पुनर्भुगतान, अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी पीएमएचपीएल में उसके कर्ज के पुनर्भुगतान या समय से पहले भुगतान और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए करेगी।
‘पारस हेल्थ’ ब्रांड के तहत परिचालन करने वाली कंपनी के पास 31 मार्च, 2026 तक आठ अस्पताल हैं। इसकी कुल क्षमता 2,211 बिस्तरों की है।
एमके संस फाइन ज्वेल्स ने 14 मई को आईपीओ के दस्तावेज दाखिल किए थे और उसे 28 अगस्त को सेबी की टिप्पणियां मिलीं।
कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में 1.36 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा प्रवर्तक रामचंद मुरलीधर रैमलानी 34 लाख तक शेयर बिक्री पेशकश के तहत बेचेंगे।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


