शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स, निफ्टी नए शिखर पर

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स, निफ्टी नए शिखर पर

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स, निफ्टी नए शिखर पर
Modified Date: July 30, 2024 / 04:55 pm IST
Published Date: July 30, 2024 4:55 pm IST

मुंबई, 30 जुलाई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 100 अंक की बढ़त के साथ नये शिखर पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी रिकार्ड ऊंचाई पर रहा।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 99.56 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने अबतक के उच्चतम स्तर 81,455.40 अंक पर बंद हुआ।

सूचकांक बढ़त के साथ खुला और कारोबार के दौरान एक समय 459.43 अंक यानी 0.56 प्रतिशत उछलकर 81,815.27 अंक तक चला गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 21.20 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 24,857.30 अंक पर बंद हुआ।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार लगभग स्थिर रहा। इसका कारण उच्चस्तर पर मुनाफावसूली है। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व और बैंक ऑफ इंगलैंड की इस सप्ताह मौद्रिक नीति समीक्षा में रुख उदार अपनाने की संभावना से बाजार को समर्थन मिल रहा है।’’

भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार मूल्यांकन पहली बार 5,500 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

सेंसेक्स के शेयरों में टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टाइटन, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक, मारुति सुजुकी इंडिया तथा टाटा स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, सन फार्मा, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के बाजार मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.05 प्रतिशत गिरकर 79.73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,474.54 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

सोमवार को सेंसेक्स 23.12 अंक चढ़कर 81,355.84 अंक पर और एनएसई निफ्टी 1.25 अंक की बढ़त के साथ 24,836.10 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

रमण प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में