पश्चिम एशिया संकट से विमानन, टूर ऑपरेटर कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट

पश्चिम एशिया संकट से विमानन, टूर ऑपरेटर कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट

पश्चिम एशिया संकट से विमानन, टूर ऑपरेटर कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट
Modified Date: March 2, 2026 / 05:44 pm IST
Published Date: March 2, 2026 5:44 pm IST

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र बंद होने से विमानन एवं यात्रा कारोबार से जुड़ी कंपनियों के शेयर सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और विमान ईँधन एटीएफ के महंगा होने की आशंका से निवेशकों ने इन शेयरों में मुनाफावसूली की।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो का परिचालन करने वाली इंटरग्लोब एविएशन का शेयर बीएसई पर कारोबार में 7.50 प्रतिशत तक लुढ़कने के बाद 6.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

स्पाइसजेट एयरलाइन के शेयर में भी 9.20 प्रतिशत तक की गिरावट आई और यह 5.72 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

ऑनलाइन ट्रैवल कंपनियों में यात्रा ऑनलाइन 9.59 प्रतिशत टूट गया, ईजी ट्रिप प्लानर्स में 7.08 प्रतिशत, टीबीओ टेक में 4.04 प्रतिशत, थॉमस कुक इंडिया में 3.57 प्रतिशत और ली ट्रेवेन्यूज टेक्नोलॉजी के शेयर में 2.08 प्रतिशत की गिरावट रही।

बाजार में व्यापक बिकवाली के बीच बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,743.46 अंक यानी 3.37 प्रतिशत टूटकर 78,543.73 अंक पर आ गया था। हालांकि, निचले स्तर पर खरीदारी आने से अंत में यह 1,048.34 अंक यानी 1.29 प्रतिशत के नुकसान के साथ 80,238.85 अंक पर बंद हुआ।

इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जिससे उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। खासकर खाड़ी देशों के प्रमुख विमानन केंद्रों के जरिये भारत-यूरोप मार्ग पर उड़ानों में व्यवधान की स्थिति बनी है।

भारतीय टूर ऑपरेटर संघ (आईएटीओ) ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगने से बुकिंग रद्द होने और यात्रा कार्यक्रम में बदलाव के अनुरोधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

पीएल कैपिटल के प्रमुख (परामर्श) विक्रम कसात ने कहा कि एटीएफ कीमतों में संभावित वृद्धि की आशंका से विमानन शेयरों में मुनाफावसूली देखी गई।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में