एचयूएल से आइसक्रीम कारोबार अलग होने के बाद क्वालिटी वॉल्स का शेयर 26 प्रतिशत गिरावट के साथ सूचीबद्ध
एचयूएल से आइसक्रीम कारोबार अलग होने के बाद क्वालिटी वॉल्स का शेयर 26 प्रतिशत गिरावट के साथ सूचीबद्ध
नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) क्वालिटी वॉल्स इंडिया लिमिटेड के शेयर की सोमवार को बाजार में कमजोर शुरुआत हुई। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) से आइसक्रीम कारोबार के अलग होने के बाद यह शेयर संकेतक कीमत के मुकाबले करीब 26 प्रतिशत की गिरावट के साथ सूचीबद्ध हुआ।
एनएसई में यह शेयर 29.80 रुपये पर खुला जो 40.20 रुपये की संकेतक कीमत से 25.87 प्रतिशत कम है। बीएसई पर यह 29.90 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो 38.15 रुपये की संकेतक कीमत से 21.6 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता है। हालांकि बाद में इसमें सुधार आया। यह एनएसई तथा बीएसई पर क्रमशः 4.93 प्रतिशत एवं 4.58 प्रतिशत चढ़ा और 31.27 रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण बीएसई पर 7,373.02 करोड़ रुपये और एनएनई पर 7,333.07 करोड़ रुपये रहा।
क्वालिटी वॉल्स इंडिया लिमिटेड ने सोमवार को दोनों प्रमुख शेयर बाजारों में अपने शेयर की सफल सूचीबद्धता की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि हिंदुस्तान यूनिलीवर के आइसक्रीम कारोबार के अलग होने के बाद स्वतंत्र, सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध इकाई के रूप में यह एक अहम उपलब्धि है।
राष्ट्रीय कंपनी विधि प्राधिकरण से इसकी मंजूरी मिलने के बाद दिसंबर 2025 से यह प्रभावी हुआ।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस प्रक्रिया के तहत पांच दिसंबर 2025 की रिकॉर्ड तिथि तक हिंदुस्तान यूनिलीवर के प्रत्येक एक शेयर के बदले शेयरधारकों को क्वालिटी वॉल्स इंडिया लिमिटेड का एक शेयर मिला।
क्वालिटी वॉल्स इंडिया लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि यह सूचीबद्धता कंपनी के लिए निर्णायक क्षण है। स्वतंत्र सार्वजनिक कंपनी के रूप में अब वह अधिक केंद्रित ढंग से काम कर सकेगी, तेजी से नवाचार करेगी एवं जमीनी स्तर पर अधिक ध्यान दे पाएगी।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


