सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स का शेयर पहले दिन के कारोबार में सात प्रतिशत से अधिक चढ़ा
सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स का शेयर पहले दिन के कारोबार में सात प्रतिशत से अधिक चढ़ा
नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) पावरट्रेन कंट्रोल एवं मोटर वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स लिमिटेड का शेयर बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने निर्गम मूल्य 1,352 रुपये के मुकाबले सात प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीएसई पर शेयर ने 1,510 रुपये पर कारोबार शुरू जो निर्गम मूल्य से 11.68 प्रतिशत की बढ़त है। दिन में यह 19.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,613.50 रुपये पर पहुंचा। अंत में यह 7.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,452.10 रुपये पर बंद हुआ।
एनएसई पर शेयर 13.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,535 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ और अंत में 7.32 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,451.10 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 6,412.69 करोड़ रुपये रहा।
सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स लिमिटेड के आईपीओ को बोली के अंतिम दिन गत शुक्रवार को 2.68 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ का मूल्य दायरा 1,287-1,352 रुपये प्रति शेयर था। आईपीओ में कोई नया निर्गम शामिल नहीं था। यह पूरी तरह से बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था जिसमें कुल 80,43,300 शेयर बेचे गए।
पुणे स्थित सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स.. भारत, अमेरिका तथा यूरोप के परिवहन एवं औद्योगिक बाजारों में मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) को महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक नियंत्रण इकाइयों (ईसीयू) की आपूर्ति करती है। इसके ग्राहकों में टीवीएस मोटर कंपनी, बजाज ऑटो, किर्लोस्कर ऑयल इंजन्स, ब्रिग्स एंड स्ट्रैटन एलएलसी और डीईआईएफ इंडिया शामिल हैं।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


