नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) मजबूत वैश्विक रुख और कमजोर डॉलर के कारण सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें छह प्रतिशत से अधिक बढ़कर 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, चांदी शुक्रवार के 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद भाव से 17,000 रुपये, या 6.66 प्रतिशत बढ़कर 2,72,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गई।
इसके अलावा, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,300 रुपये, या 0.83 प्रतिशत बढ़कर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गया। पिछले सत्र में यह 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोमवार को डॉलर में गिरावट और सटोरिया लिवाली के कारण सोने में तेजी रही। डॉलर इंडेक्स लगभग 0.30 प्रतिशत के नुकसान के साथ 97 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जिससे सर्राफा की कीमतों को समर्थन मिल रहा है।’’
उन्होंने कहा कि व्यापक वैश्विक वृहद आर्थिक अनिश्चितता और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भू-राजनीतिक और शुल्क से संबंधित मुद्दों पर बार-बार और अप्रत्याशित बयानबाजी कीमती धातुओं के लिए सुरक्षित-निवेश परिसंपत्ति के रूप में मांग को बढ़ावा देती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 2.19 डॉलर, या 2.81 प्रतिशत बढ़कर 80.21 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना एक प्रतिशत बढ़कर 5,012.94 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के गांधी ने कहा कि कीमती धातुओं में निवेशकों की भावना को चीन से आए सप्ताहांत के आंकड़ों से और बढ़ावा मिला, जिसमें दिखाया गया कि पीपल्स बैंक ऑफ चाइना ने ऊंची कीमतों के बावजूद जनवरी में लगातार 15वें महीने सोने की खरीदारी जारी रखी।
आंकड़ों के मोर्चे पर, व्यापारी बुधवार को जारी होने वाले अमेरिका के मासिक रोजगार आंकड़े (नॉनफार्म पेरोल और बेरोजगारी दर) का इंतजार कर रहे हैं।
गांधी ने कहा कि इसके अलावा, शुक्रवार को जारी होने वाले अमेरिकी महंगाई आंकड़ों पर भी बारीक नज़र रखी जाएगी कि ये दोनों आंकड़े, डॉलर की दिशा तय करने और कीमती धातुओं के लिए नए संकेत देने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय