सोनोवाल, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के बीच 19,209 करोड़ रुपये की निवेश योजना पर चर्चा

सोनोवाल, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के बीच 19,209 करोड़ रुपये की निवेश योजना पर चर्चा

सोनोवाल, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के बीच 19,209 करोड़ रुपये की निवेश योजना पर चर्चा
Modified Date: June 4, 2026 / 08:10 pm IST
Published Date: June 4, 2026 8:10 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, चार जून (भाषा) केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की और राज्य को वर्ष 2031 तक पूर्वी भारत का प्रमुख समुद्री, लॉजिस्टिक और जहाज विनिर्माण केंद्र बनाने के उद्देश्य से 19,209 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश पर चर्चा की।

करीब डेढ़ घंटे चली यह बैठक मई में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद केंद्र के पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच पहली औपचारिक बातचीत थी।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, प्रस्तावित परियोजनाओं से 62,500 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। साथ ही राज्य में बंदरगाह, अंतर्देशीय जलमार्ग, जहाज विनिर्माण, लॉजिस्टिक और पोर्ट-आधारित औद्योगिकीकरण को मजबूती मिलेगी।

‘मैरीटाइम अमृत काल विजन 2047’ के तहत तैयार इस निवेश योजना में बालागढ़ में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक केंद्र का विकास, कोलकाता और हल्दिया बंदरगाहों का विस्तार और उनका आधुनिकीकरण, अंतर्देशीय जलमार्गों को मजबूत करना, जहाज विनिर्माण और मरम्मत के लिए बुनियादी ढांचे का निर्माण, क्रूज पर्यटन के लिए ढांचे का विकास, नदी किनारों का पुनर्विकास तथा बंदरगाहों से जुड़े औद्योगिक क्षेत्रों का विकास शामिल है।

सोनोवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल भारत के समुद्री भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और लगभग 19,209 करोड़ रुपये के निवेश के जरिए कोलकाता और हल्दिया को पूर्वी भारत का प्रमुख समुद्री प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

भाषा

योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में