स्विगी के सह-संस्थापक नंदन रेड्डी का बोर्ड से इस्तीफा
स्विगी के सह-संस्थापक नंदन रेड्डी का बोर्ड से इस्तीफा
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) ऑनलाइन खाना और राशन डिलीवरी सेवाएं देने वाले मंच स्विगी के सह-संस्थापक लक्ष्मी नंदन रेड्डी ओबुल ने कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है।
स्विगी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि ओबुल ने अन्य व्यावसायिक हितों को पूरा करने के लिए 10 अप्रैल, 2026 से पूर्णकालिक निदेशक और नवोन्मेष प्रमुख के पद से इस्तीफा दिया है।
कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल (बोर्ड) ने प्रोसुस वेंचर्स का प्रतिनिधित्व करने वाले नामित निदेशक के रूप में रेनन डी कास्त्रो अल्वेस पिंटो की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह रोजर राबालैस का स्थान लेंगे, जो प्रोसुस वेंचर्स में अपनी भूमिका में बदलाव के कारण इस पद से हट रहे हैं।
इसके अलावा, बोर्ड ने स्विगी के सह-संस्थापक और मुख्य वृद्धि अधिकारी (सीजीओ) फणी किशन अडेपल्ली और स्विगी ग्रुप के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) राहुल बोथरा को एक जून, 2026 से अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है।
इन बदलावों पर टिप्पणी करते हुए स्विगी ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्रीहर्ष मजेटी ने कहा, ‘फणी और राहुल शुरुआती दिनों से ही स्विगी के साथ रहे हैं और कंपनी को उसके सबसे महत्वपूर्ण अध्यायों के माध्यम से आगे बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रही है।
उन्होंने ओबुल की विदाई पर कहा कि नंदन स्विगी के विकास के दौरान एक महत्वपूर्ण सहयोगी रहे हैं। बेंगलुरु के एक छोटे से मोहल्ले से शुरू होकर करोड़ों लोगों की सेवा करने वाले देशव्यापी मंच बनने तक के सफर में उनका योगदान उल्लेखनीय है।
भाषा सुमित रमण
रमण

Facebook


