भारत में टैबलेट पीसी बाजार 2025 में दो प्रतिशत बढ़ा, सैमसंग शीर्ष पर:रिपोर्ट

भारत में टैबलेट पीसी बाजार 2025 में दो प्रतिशत बढ़ा, सैमसंग शीर्ष पर:रिपोर्ट

भारत में टैबलेट पीसी बाजार 2025 में दो प्रतिशत बढ़ा, सैमसंग शीर्ष पर:रिपोर्ट
Modified Date: March 26, 2026 / 09:36 pm IST
Published Date: March 26, 2026 9:36 pm IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) भारत में टैबलेट पीसी बाजार 2025 में सालाना आधार पर दो प्रतिशत बढ़ा, जिसमें सैमसंग सबसे अधिक बिक्री दर्ज करने वाली कंपनी रही। हालांकि, एप्पल और एसर की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई। काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट में यह बात कही गई।

रिपोर्ट के अनुसार, 30,000 से 40,000 रुपये मूल्य वर्ग में सबसे तेजी से वृद्धि देखी गई, जहां बिक्री लगभग सात गुना बढ़ी।

काउंटरपॉइंट की मुख्य विश्लेषक अंशिका जैन ने बताया कि बाजार में प्रीमियम खंड की ओर रुझान साफ दिखाई दे रहा है, जो प्रमुख ब्रांड द्वारा किए गए रणनीतिक उत्पाद नवोन्मेषण से प्रेरित है।

रिपोर्ट के अनुसार, सैमसंग की बिक्री में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे उसकी बाजार हिस्सेदारी 2025 में 31 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि 2024 में यह 27 प्रतिशत थी। सैमसंग ने पहले तीन तिमाहियों में गैलेक्सी टैब ए9 सीरीज और चौथी तिमाही में ए11 सीरीज के जरिये अपनी स्थिति मजबूत रखी, जबकि गैलेक्सी टैब एस पोर्टफोलियो के माध्यम से प्रीमियम खंड में भी अपनी मौजूदगी बनाए रखी।

रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल 2025 में 20 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रही। हालांकि, उसकी बिक्री में सालाना आधार पर दो प्रतिशत की गिरावट आई। आईपैड (2025) 128जीबी वाई-फाई संस्करण ने 30,000–40,000 रुपये मूल्य वर्ग में प्रमुख भूमिका निभाई। आईपैड प्रो सीरीज ने ओएलईडी प्रौद्योगिकी के प्रसार को बढ़ावा दिया और उच्च प्रदर्शन वाले टैबलेट खंड में एप्पल की स्थिति मजबूत की।

रिपोर्ट के अनुसार, लेनोवो ने 15 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी दर्ज की। कंपनी की बिक्री में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई। श्याओमी की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत रही और उसकी बिक्री में 74 प्रतिशत की वृद्धि हुई। एसर की बिक्री में 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जिससे उसकी बाजार हिस्सेदारी 2025 में 10 प्रतिशत रह गई, जो 2024 में 21 प्रतिशत थी।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि 2025 भारत के टैबलेट विनिर्माण परिदृश्य में महत्वपूर्ण वर्ष रहा। सैमसंग और लेनोवो के नेतृत्व में निर्यात 10 लाख इकाई से अधिक हो गया, मुख्य रूप से अमेरिका और यूरोप के बाजारों की ओर। घरेलू उत्पादन वार्षिक बिक्री का 50 प्रतिशत बन गया, जिससे स्थानीयकरण में तेजी आई।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में